वाराणसी। विकास एवं निर्माण कार्यों को लेकर सीडीओ मधुसूदन हुल्गी ने वर्चुअल बैठक की। आराजीलाइन के देउरा, चिरईगांव के सरायमोहना में आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण में लापरवाही मिलने पर दो बाल विकास परियोजना अधिकारी का एक दिन का वेतन रोका। वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक मनोज दूबे का वेतन अनुपस्थित होने के कारण रोका गया। सीडीओ ने सड़कों के निर्माण एवं अनुरक्षण के लिए धनराशि की मांग के लिए पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिया। उन्होंने किसान सम्मान योजना में डाटा में सुधार के लिए एक सप्ताह की मोहलत दी। इसके साथ गोवंश आश्रय स्थलों में मरम्मत, आने वाले अनुमानित व्यय का विवरण बुधवार तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। आयुष्मान योजना के तहत गोल्डेन कार्ड निर्माण, परिवार नियोजन, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की गति बढ़ाने को कहा। जिन ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन का निर्माण के लिए जमीन नहीं है। इसके लिए खंड विकास अधिकारी और तहसीलदार से रिपोर्ट मांगी। मनरेगा की प्रगति बढ़ाने को कहा। पेंशन योजनाओं के आवेदनों की स्वीकृति देने का निर्देश दिया। कन्या सुमंगला योजना के आवेदन अग्रसारित करें। निवेश पोर्टल पर 42 प्रकरण निस्तारित करने का निर्देश महाप्रबंधक उद्योग को दिया। श्रम योगी मानधन योजना की प्रगति बढ़ाने को कहा।
इनसेट---------
सीडीओ ने मनरेगा के कार्यों में मानव दिवस सृजन कम होने पर जताई नाराजगी
सीडीओ ने मनरेगा के कार्यों की समीक्षा की। मानव दिवस सृजन में चिरईगांव, हरहुआ, चोलापुर, आराजीलाइन, काशी विद्यापीठ की कम प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए सभी गांव में काम करवाएं। इसके साथ जल शक्ति अभियान को आगे बढ़ाने को कहा। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना और मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना की प्रथम और दूसरी किस्त जारी करने को कहा। कार्यदायी विभागों से कंवर्जेंस का प्रस्ताव मंगाने को कहा। इसके साथ ही आराजीलाइन में 3000, बड़ागांव में 2000, चिरईगांव में 2000, चोलापुर में 2300, हरहुआ में 1800, काशीविद्यापीठ में 1400, पिंडरा 2500 और सेवापुरी में 1900 मनरेगा श्रमिकों को प्रतिदिन काम देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।