सीबीएसई की ओर से 21 अक्तूबर तक छात्रों की नामावली अपलोड करने का दिया गया मौका
विज्ञापन
नंबर गेम : 50 हजार छात्र देंगे बोर्ड परीक्षा माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की साल 2027 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा को लेकर स्कूलों को विद्यार्थियों का विवरण सावधानी से भरने की हिदायत दी गई है। बोर्ड ने 9 अक्तूबर को जारी रिमाइंडर में विद्यार्थियों की सूची (एलओसी) जमा करते समय निर्धारित समय-सीमा और विवरणों की सही भरने को कहा है। स्कूलों को परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के व्यक्तिगत विवरण और विषयों की जानकारी का मिलान कम से कम दो बार कर पोर्टल पर अंतिम बार सबमिट करने के निर्देश दिए हैं। सीबीएसई की जिला समन्वयक नीलम सिंह ने बताया कि बोर्ड के निर्देश के बाद वाराणसी के सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों में विद्यार्थियों का रिकॉर्ड जांचना महत्वपूर्ण हो गया है। सूची में विद्यार्थियों का पूरा नाम, जन्मतिथि, लिंग, श्रेणी, माता-पिता या अभिभावक के नाम की वर्तनी और चुने गए विषयों का सत्यापन किया जाना है। इसके अलावा विद्यार्थियों की फोटो और हस्ताक्षर भी प्रारूप के अनुरूप होने चाहिए। सीबीएसई ने स्कूलों के प्रधानाचार्यों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि विद्यार्थियों का विवरण भरने वाले कर्मचारी बोर्ड के दिशा-निर्देशों से पूरी तरह परिचित हों। व्यक्तिगत विवरण या विषयों के कोड में गलती होने पर परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को परेशानी हो सकती है। बोर्ड परीक्षा के लिए एलओसी जमा करने की प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू हुई थी। बिना विलंब शुल्क के सूची जमा करने की अंतिम तिथि 21 अक्तूबर है। ऐसे में स्कूलों के पास विवरणों की जांच और समय से सूची अंतिम रूप देने के लिए निर्धारित अवधि है।
पिछले बार परीक्षा में शामिल हुए थे 46487 परीक्षार्थी सीबीएसई बोर्ड की ओर से 17 फरवरी 2026 से कराई गई पिछली बोर्ड परीक्षा में जिले के कुल 46478 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया था। इसमें कक्षा 10वीं के 22932 और 12वीं में 23546 परीक्षार्थी थे। इस परीक्षा के लिए 55 केंद्र बनाए गए थे।