प्रधान डाकघर कैंट में जालसाजी कर खातों से 11 करोड़ 50 लाख 6158 रुपये निकाले जाने की जांच कर रही सीबीआई की टीम सोमवार को डाकघर पहुंची। जांच के बाद घोटाले से जुड़े अहम कागजात जब्त कर लिए। साथ ही यहां तैनात कुछ अधिकारियों, कर्मचारियों से बातचीत की।
शनिवार को लखनऊ से आई चार सदस्यीय टीम ने तीन दिन से कागजात खंगाल रही है। लेकिन किसी को भनक नहीं लगी। सोमवार सुबह करीब दस बजे फिर सीबीआई टीम डाकघर पहुंची। हालांकि, सोमवार को सामान्य दिनों की तुलना में कागजात व्यवस्थित रखे थे।
सभी कर्मचारी भी काउंटर पर काम में लगे रहे। काउंटर पर जाकर सीबीआई अधिकारियों ने अप्रैल 2015 से अगस्त 2019 तक खातों में जमा-निकासी से जुड़े कागजात और कंप्यूटर में दर्ज रिकार्ड देखे।
वह अपने साथ कुछ जरूरी कागजात भी ले गए हैं। सूत्रों के अनुसार, सीबीआई अधिकारी दो-तीन दिन यहीं रहकर जांच करेंगे। मामले में अब तक दो डाक अधीक्षक, दो पोस्टमास्टर, आठ डाक सहायक और एक एजेंट को निलंबित किया जा चुका है। सीबीआई जांच के बाद कुछ और लोगों पर कार्रवाई हो सकती है।
सीबीआई अधिकारियों के डाकघर आने की जानकारी नहीं है। मामला तो सीबीआई ने पहले ही दर्ज कर लिया है। अब अधिकारी जांच करने आएंगे तो हम लोगों को बताएंगे थोड़े ही।
-पीआर सरोज, डाक अधीक्षक