बनारस में सीबीसीआईडी के एक दीवान की करंट लगने से मौत हो गई। वह अपने परिवार के साथ छुट्टी लेकर घर आए थे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इलाहाबाद में सीबीसीआईडी में दीवान पद पर तैनात स्वदेश सिंह (47) एक हफ्ते की छुट्टी लेकर अपने मित्र व पट्टीदार संतोष सिंह के लड़की की शादी में शामिल होने सपरिवार फूलपुर थाना क्षेत्र के राजपुर (कोरौता) गांव स्थित अपने घर आये थे।
शुक्रवार को रात में एक बजे शादी से खाली होकर अपने घर पहुंचे और पंखा लगाकर सोने जा रहे थे। पंखा न चलने पर प्लग निकाल कर फिर से तार लगा रहे थे। तभी वह करंट की चपेट में आ गए।
आनन फानन में परिवार के लोग उन्हें लेकर बाबतपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोग शव को घर लाये।
शनिवार की सुबह परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव दाह संस्कार को लेकर जा रहे थे। तभी सीबीसीआईडी के एसपी को सूचना मिली। उन्होंने फूलपुर पुलिस को सूचना दी। फूलपुर पुलिस ने रास्ते में रोकर शव का पंचनामा कर पीएम को भेज दिया।
मृत स्वदेश की पत्नी सेना में क्लर्क के पद पर कार्यरत है। उनके एक बेटा व एक बेटी है। घटना की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक डॉ अवधेश सिंह, मंडल रेल सलाहकार समिति के सदस्य सत्यप्रकाश पटेल समेत अनेक लोगों ने घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त की।