ग्रामीणों ने लगाया जाम, तस्करों के हमले में छह घायल
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के जौनपुर जिले के मछलीशहर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में बुधवार की रात पिकअप सवार पशु तस्करों ने आतंक मचाया। पथराव और फायरिंग कर तीन भैंस उठा ले गए जबकि पथराव में छह लोग घायल हो गए। तस्करों को देखकर शोर मचाने पर जमालापुर गांव से एक किशोरी को भी उठाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीणों की घेरेबंदी पर उसे छोड़कर भाग गए।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने गुरुवार को सुबह मड़ियाहूं मछलीशहर मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने समझा बुझाकर आधे घंटे में जाम समाप्त कराया। कोतवाल अनिल सिंह का दावा है कि कोढ़ा गांव के पास पशु तस्करों से पुलिस की मुठभेड़ हुई। लेकिन पथराव करते तस्कर भाग गए। पुलिस की ओर से छह गोलियां चलाई गई, जिसमें एक तस्कर को भी गोली लगी है।
बुधवार की देर रात करीब डेढ़ बजे पिकअप सवार तस्कर जमालपुर गांव में पहुंचे। यहां एक घर के सामने पशुशाला में बंधी भैंस खोलकर पिकअप पर लाद रहे थे। तभी परिजनों के साथ हल्ला मचा रही 17 वर्षीय किशोरी को खींचकर पिकअप में बैठा लिया। उधर, शोर सुनकर गांव को लोग ईंट पत्थर और लाठी लेकर वाहन को घेर लिया। तब तस्कर किशोरी को छोड़कर भाग गए।