महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातक की बैक व श्रेणी सुधार की परीक्षाएं 18 जनवरी से शुरू हो रही हैं। दो पालियों में आयोजित परीक्षा के लिए वाराणसी सहित पांच जिलों में दस परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार, थर्मल स्कैनिंग और सैनिटाइजेशन के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्र में मास्क के साथ प्रवेश दिया जाएगा।
जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नवरत्न सिंह ने बताया कि वाराणसी में तीन, भदोही में एक, चंदौली, मीरजापुर व सोनभद्र में दो-दो केंद्र बनाए गए हैं। वहीं बलिया के परीक्षार्थियों की परीक्षा हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में होगी। बलिया के परीक्षार्थियों की संख्या छह से भी कम है। इसके बाद स्नातक स्तर पर बीबीए, बीसीए, बीएससी, एलएलबी, बीए-एलएलबी, बीकाम ऑनर्स, प्रथम व तृतीय सेमेस्टर तथा स्नातकोत्तर स्तर पर एमएफए, एलएलएम, एमसीए, एमबीए, एमम्यूज सहित अन्य पाठ्यक्रमों के प्रथम व तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं फरवरी के द्वितीय सप्ताह में कराने पर विचार किया जा रहा है। फिलहाल फार्म भरने की अंतिम तिथि 17 जनवरी है।