यूपी के मऊ जिले के मुहम्मदपुर बरहिया गांव के सामने गुरुवार की सुबह निजी बस की टक्कर से तीन छात्रों के मरने की अफवाह के बाद हुए उपद्रव व आगजनी के मामले में पुलिस ने तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर 24 को नामजद तथा 900 अज्ञात लोगों को आरोपित किया है। घटना के दूसरे दिन भी मौके पर भारी फोर्स तैनात रही। पुलिस ने छापेमारी कर 12 लोगों को हिरासत में लिया है।
थानाध्यक्ष हलधरपुर विनय कुमार सिंह की तहरीर पर 13 नामजद, 500 अज्ञात और स्कूल प्रबंधक परशुराम भारद्वाज की तहरीर पर 11 नामजद और चार सौ अज्ञात तथा अभिवावक एवं परिचारक हरिकिशुन की तहरीर पर निजी बस चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पढ़ेंः
हादसे में छात्रों की मौत की अफवाह से उबाल, यूपी 100 सहित तीन वाहन फूंके, एएसपी समेत 14 घायल
एएसपी एसके श्रीवास्तव का कहना है कि पुलिस हर बिंदु को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना की आड़ में आपराधिक कृत्य करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है।
लोगों की मांग, अफवाहों पर लगे रोक
बच्चों के घर जाते ही बेकाबू हुई भीड़ ने शुरू की तोड़फोड़
- फोटो : अमर उजाला
मुहम्मदपुर बरहिया गांव के पास गुरुवार की सुबह हुई सड़क दुर्घटना में घायल स्कूली बच्चों की हालत में सुधार है। दूसरी तरफ घटना के बाद बच्चों की मौत की अफवाह फैलाने के बाद हुए उपद्रव में हुए नुकसान को लेकर क्षेत्र के लोग अब पछता रहें है। घटना के दूसरे दिन बात करने पर घटनास्थल के आसपास के लोगों ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए।
घटना के दूसरे दिन शुक्रवार को बात करने पर बीडीसी मुहम्मदपुर बहरिया गांव निवासी मतलूब अंसारी कहते हैं कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली अफवाहों से लोगों को सावधान रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि फेसबुक और व्हाट्सएप के जरिए भ्रामक सूचना फैलाने वाले लोगों को चिन्हित कर प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए।
गाढा गांव निवासी संतोष सिंह ने घटना की निंदा की, बोले महज अफवाह के चलते इतना बड़ा बवाल हो गया। इससे बचा जा सकता था। हलधरपुर निवासी भगवान सिंह ने कहा कि अफवाहबाजों के विरुद्ध प्रशासन को प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
थलईपुर निवासी नागेंद्र राय ने अफवाह बाजो पर कार्रवाई करने के लिए कहा। बोले यह जरूरी है, क्योंकि आने वाले दिनों में महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे अफवाह बाज सक्रिय रहें तो प्रशासन को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए प्रशासन को उपद्रवियों के साथ अफवाहबाजों पर भी लगाम लगाना आवश्यक होगा।