तहरीर के अनुसार, 24 जुलाई को बच्चे ने कक्षा के दौरान बाथरूम जाने की अनुमति मांगी थी, लेकिन शिक्षिका ने उसे जाने नहीं दिया। आरोप है कि अनुमति नहीं मिलने के कारण बच्चे की पैंट में ही पेशाब हो गया। इसके बाद शिक्षिका उसे एक कमरे में ले गईं और गैस लाइटर से चाकू गर्म कर उसके निजी अंग को दाग दिया।
घटना सामने आने के बाद पुलिस ने स्कूल परिसर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान स्कूल के सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर जब्त किया गया, ताकि घटना की वास्तविकता का पता लगाया जा सके। पुलिस ने उस किचन का भी निरीक्षण किया, जहां बच्चे के कुछ देर तक रहने की बात सामने आई है।
यह भी पढ़ें: शिक्षिका ने गर्म चाकू से दागा प्ले ग्रुप के छात्र का निजी अंग, पैंट में पेशाब करने की सजा; तीन पर FIR
स्कूल के आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि संबंधित शिक्षिका का व्यवहार सामान्य माना जाता था। ऐसे में उन पर लगे गंभीर आरोपों से सभी हैरान हैं। उधर, थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। रविवार को स्कूल बंद होने के कारण संबंधित लोगों से पूछताछ नहीं हो सकी। सोमवार को स्कूल स्टाफ से पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।