सीमा चौबे ने बताया कि अभितोश त्रिपाठी ने उनका हाथ पकड़ कर उन्हें धक्का देते हुए मोबाइल छीन लिया और पासवर्ड पूछने लगे। पासवर्ड न बताने पर अभितोश त्रिपाठी ने पति और बेटे की हत्या करने की धमकी दी। धमकी से डरकर उन्होंने पासवर्ड बताया तो अभितोश त्रिपाठी ने उनके मोबाइल से अपना वीडियो डिलीट कर दिया। अभितोश त्रिपाठी के घर आने और जाने का सीसी फुटेज भी है।
बाद में उन्होंने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की तो अभितोश त्रिपाठी ने उनके बच्चे का अपहरण कर हत्या की धमकी दी। घटना के संबंध में आईजीआरएस पोर्टल, डीजीपी, महिला आयोग और वाराणसी के पुलिस आयुक्त से शिकायत करने पर इंस्पेक्टर अभितोश त्रिपाठी और अन्य अज्ञात के खिलाफ मंडुवाडीह थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
उधर, इस संबंध में मंडुवाडीह थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जाएगी।