Varanasi News: जिला स्तरीय कैरम प्रतियोगिता में सौरभ और गौरव की जोड़ी ने दम दिखाया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सब जूनियर और जूनियर वर्ग में पहला स्थान हासिल किया।
सौरभ यादव और गौरव गुप्ता ने बुधवार को परमानंदपुर में आयोजित जिला स्तरीय कैरम प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सब जूनियर और जूनियर वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। इसमें 40 बालकों ने प्रतिभाग किया। खेल के लिए कुल पांच बोर्ड लगाए गए थे।
विज्ञापन
सब जूनियर वर्ग में सौरभ यादव ने अपनी अंगुलियों का कमाल दिखाते हुए श्रेयांश को 20-14 से पराजित किया। टॉस जीतकर सौरभ की टीम ने सफेद गोटी से मुकाबले की शुरुआत की। पहली ही चांस में क्वीन जीतकर नौ अंक बनाए।
सेमीफाइनल में सौरभ यादव ने मृत्युंजय को 20-12 से हरा दिया। साथ ही श्रेयांश ने रिपु यादव को 20-16 से हराया। जूनियर वर्ग के खिताबी मुकाबले में गौरव गुप्ता और नितिन प्रसाद के बीच संघर्ष हुआ। इसमें गौरव गुप्ता ने अंत में लगातार दो अंक बना कर मैच 20-18 से मुकाबले को जीत लिया। सेमीफाइनल में गौरव गुप्ता ने मोनू गौड़ को 20-15 से पराजित किया। इसके अलावा नितिन प्रसाद ने अभिजीत पटेल को 20-14 से मात दी।