अतिक्रमण और यातायात सुगमता को लेकर कमिश्नरेट पुलिस अभियान चला रही है, लेकिन अतिक्रमण करने वाले बाज नहीं आ रहे हैं। रोहनिया-लहरतारा मार्ग के सर्विस लेन पर कार बाजार वालों और ट्रैवल्स की बड़ी बसों का कब्जा है। बाइक सवारों के लिए सर्विस लेन नहीं रह गया।
दुकानदारों का आरोप है कि सड़क को पुलिस कब्जा मुक्त नहीं बना रही है। यह हाल तब है, जब अफसर आए दिन अतिक्रमण पर अभियान चला रहे हैं। टूरिस्ट बसों और कार बाजार का सर्विस लेन के साथ मुख्य मार्ग पर भी कब्जा है। इससे आए दिन जाम लग रहा है।
नदेसर के बाद रोहनिया थाना क्षेत्र में सेकेंड हैंड गाड़ियों का सबसे बड़ा बाजार बन चुका है। दोनों सर्विस लेन के किनारे 50 की संख्या में कार बाजार और मोटर पार्ट्स, गैरेज का संचालन किया जा रहा है। सुबह से देर शाम तक सड़क पर कार बाजार के कारण यातायात रफ्तार थम रही है।
लहरतारा से चांदपुर कलेक्ट्री फार्म होकर भास्करा तालाब रोहनिया तक सड़क के दोनों सर्विस लेन के साथ ही मुख्य मार्ग पर भी ट्रैवल्स की बसें खड़ी हो रही हैं। सर्विस लेन पर आमने-सामने कोई वाहन आ जाए तो जाम तय है।
रोहनिया पुलिस, यातायात और परिवहन विभाग की सुस्ती की वजह से ट्रैवेल्स संचालकों और कार बाजार संचालकों की ओर से मनमानी जारी है। अतिक्रमण और अवैध पार्किंग में वाहनों को सीज करना तो छोड़िये चालान तक नहीं हो रहा है। मोहनसराय, रोहनिया, चांदपुर, लहरतारा तक टूरिस्ट बसों के बेतरतीब तरीके से खड़ी होने के कारण राहगीरों को परेशानियां हो रही हैं।