प्राथमिक विद्यालय सुंदरपुर में कैंट विधायक
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव सोमवार को प्राथमिक विद्यालय सुंदरपुर का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर से दो असामाजिक तत्वों को दौड़ाकर पकड़ा और पुलिस के हवाले किया। लापरवाही पर स्थानीय चौकी प्रभारी की भी क्लास लगाई।
विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें कई बार इस बात शिकायत मिली थी कि सुंदरपुर प्राथमिक विद्यालय में दीवार फांदकर कुछ असामाजिक तत्व अंदर आ जाते हैं। आज निरीक्षण में दो युवकों को मौके से पकड़कर पुलिस को सौंपा है। वहीं विधायक की सूचना के बाद चौकी इंजार्ज चितईपुर मौके पर पहुंचे। दोनों युवकों को पकड़कर थाने ले गए, जहां अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मामले को लेकर विधायक ने चितईपुर चौकी प्रभारी की भी क्लास लगाई और उन्हें विद्यालय के आसपास गश्त लगाने का आदेश दिया। इसी क्रम में विधायक ने कंपोजिट विद्यालय सुंदरपुर, प्राथमिक कन्या विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की उपस्थिति पंजिका की जांच की। मिड डे मील का स्वाद भी चखा। वहीं विद्यालय की खामियों को लेकर बीएसए को जानकारी देते हुए सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष अरविंद पटेल व महात्मा प्रसाद मौजूद रहे।