फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: वाराणसी से 10 हजार का इनामी गांजा तस्कर अरेस्ट, 12 साल से चला रहा था रैकेट; भाई समेत 2 अन्य की तलाश जारी

Sun, 15 Nov 2026 06:01 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी से पुलिस ने 10 हजार रुपये के इनामी गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। मिर्जापुर निवासी आरोपी पिछले 12 वर्षों से तस्करी का रैकेट चला रहा था और लंका क्षेत्र में ठिकाना बना रखा था। सितंबर में 625 किलो गांजे के साथ ओडिशा के दो तस्करों की गिरफ्तारी के बाद सगे भाइयों के सिंडिकेट का खुलासा हुआ था। पुलिस उसके भाई समेत दो अन्य की तलाश कर रही है।
विज्ञापन
अवैध गांजा। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ओडिशा से गांजा मंगाकर मिर्जापुर व आसपास के जिलों में आपूर्ति करने वाले गिरोह के एक आरोपी को शुक्रवार की शाम वाराणसी में बीएलडब्ल्यू के पास से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपी और उसके भाई पर 12 साल से गांजा तस्करी में संलिप्त होने का आरोप है। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित है। पुलिस डेढ़ माह से उसकी तलाश कर रही थी। शनिवार को पूछताछ के बाद उसका चालान कर दिया गया। मामले में आरोपी के भाई की तलाश जारी है।

विज्ञापन


शाहगंज पुलिस ने 24 सितंबर को कंटेनर में गुप्त केबिन बनाकर ओडिशा से लाई जा रही 625 किलो गांजे की खेप पकड़ी थी। इस मामले में ओडिशा के तस्कर दिलीप देहुरी और संतोष कुमार साहू को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में पता चला था कि गांजा तस्करी का यह रैकेट मिर्जापुर के सगे भाई चला रहे हैं। यह गिरोह ओडिशा से गांजा मंगाकर वाराणसी, भदोही सहित आसपास के जिलों में आपूर्ति करता था।

मिली जानकारी के आधार पर ओडिशा से गांजा उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के साथ ही मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र के खुटहां निवासी सनी कुमार जायसवाल और उसके भाई सुरेंद्र जायसवाल को नामजद किया गया था। सनी का वर्तमान पता वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र का नेवादा सुंदरपुर है, जबकि उसका भाई अहरौरा थाना क्षेत्र के इमलिया चट्टी में रहता है। गिरोह में सनी की भूमिका को देखते हुए उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

विज्ञापन
Trending Videos

गिरफ्तारी के लिए वाराणसी भेजी गई थी पांच पुलिसकर्मियों की टीम
सीओ घोरावल राजेश कुमार राय ने बताया कि सूचना के आधार पर शुक्रवार को निरीक्षक अपराध घोरावल भानू प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष शाहगंज मानवेंद्र सिंह और शाहगंज चौकी इंचार्ज राहुल पांडेय समेत पांच पुलिसकर्मियों की टीम वाराणसी भेजी गई थी। वहां पहुंचने पर पता चला कि आरोपी बीएलडब्ल्यू के सामने महमूरगंज से चितईपुर जाने वाली लेन पर सड़क किनारे मौजूद है। टीम ने घेराबंदी कर शाम करीब पांच बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। शाहगंज लाकर उससे पूछताछ की गई। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत चालान कर दिया गया।

12 साल पहले रॉबर्ट्सगंज में भांग की दुकान की आड़ में शुरू की थी तस्करी
सीओ के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने भाई सुरेंद्र जायसवाल के साथ लंबे समय से गांजे के अवैध कारोबार में संलिप्त था। दोनों भाई मिलकर गांजे की खरीद-बिक्री करते थे। आरोपी के अनुसार, वर्ष 2014 में उसके भाई सुरेंद्र ने रॉबर्ट्सगंज में शीतला मंदिर के पास सरकारी भांग की दुकान पर पेटी कांट्रैक्टर के रूप में काम किया था। इसी दौरान दोनों ने भांग की दुकान की आड़ में ओडिशा से गांजा मंगाकर बेचना शुरू किया। बाद में थोक में गांजे की खेप मंगाकर मिर्जापुर और आसपास के जिलों में तस्करी करने लगे।
विज्ञापन

पूर्व में पकड़े गए एक आरोपी की जमानत अर्जी खारिज
सितंबर में गिरफ्तार ओडिशा के गांजा तस्कर दिलीप कुमार देहुरी की जमानत अर्जी विशेष न्यायाधीश गोविंद मोहन ने पिछले माह खारिज कर दी। आरोपी ने दलील दी थी कि उसे गलत फंसाया गया है और इससे पहले उसके खिलाफ तस्करी का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ था। न्यायालय ने अपराध की गंभीरता और बड़े स्तर पर गांजा तस्करी को देखते हुए जमानत देने से इन्कार कर दिया। इस मामले में ओडिशा के दूसरे आरोपी संतोष कुमार साहू ने भी जमानत अर्जी दाखिल की है, जिस पर 17 नवंबर को सुनवाई होगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें