अपने संसदीय क्षेत्र समेत पूर्वांचल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार एक और बड़ी सौगात दे सकते हैं। यह सौगात अत्याधुनिक सुविधायुक्त महामना मालवीय कैंसर हास्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के रूप में होगी। 22 दिसंबर को राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव के मंच से 500 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट के एलान की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। बीएचयू स्थित सुंदरबगिया में बनने वाला यह अस्पताल 250 बेड का होगा। इस अस्पताल के तैयार होने के बाद पूर्वांचल समेत अन्य जिलों और आसपास के विभिन्न राज्यों के कैंसर पीड़ितों के लिए बड़ी सहूलियत हो जाएगी।
प्रोजेक्ट पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय ने बीएचयू चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. वीके शुक्ला और सर सुंदरलाल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओपी उपाध्याय को नई दिल्ली बुलाया था। सोमवार को पीएमओ में हुई इस अहम बैठक के बाद माना जा रहा है कि 22 दिसंबर को बीएचयू आगमन के दौरान प्रधानमंत्री इसकी आधारशिला रख सकते हैं।
बीएचयू की ओर से 100 बेड के कैंसर अस्पताल का प्रपोजल दो साल पहले तैयार कर केंद्र सरकार को भेजा गया था लेकिन अब खुद पीएमओ ने इसे 250 बेड का करने की बात कही है। इसके लिए सुंदरबगिया में दस एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। अत्याधुनिक कैंसर हास्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के तहत सर्जिकल आंकोलॉजी, मेडिकल आंकोलॉजी और रेडियोथेरेपी विभाग होगा। 15 आॅपरेशन थिएटर होंगे। कैंसर के आॅपरेशन के लिए अब तक दो ही ओटी हैं।