अंबाला मंडल के सरहिंद-नंगलडैम, चंडीगढ़-सानेहवाल और सहारनपुर-अंबाला रेलखंड पर जलभराव होने के कारण ट्रेनों की रफ्तार थम गई है। वाराणसी कैंट से गुजरने वाली पांच ट्रेनें निरस्त कर दी गई हैं। उत्तर रेलवे के सीपीआरओ दीपक कुमार ने बताया कि 11 जुलाई को वाराणसी कैंट से गुजरने वाली ट्रेन संख्या 12332 (जम्मूतवी -हावड़ा), ट्रेन संख्या 13308 (फिरोजपुर-धनबाद), ट्रेन संख्या 13006 (अमृतसर -हावड़ा), ट्रेन संख्या 13152 (जम्मूतवी-कोलकाता) और ट्रेन संख्या 13307 (धनबाद- फिरोजपुर) रद्द रहेंगी।
बेगमपुरा एक्सप्रेस निरस्त, टिकट रिफंड कराने वालों की लगी कतार
अंबाला मंडल के सरहिंद नंगलडैम और सहारनपुर-अंबाला रेल खंड में भारी जलजमाव के चलते वाराणसी से जम्मूतवी जाने वाली ट्रेन संख्या 12237 बेगमपुरा सोमवार को निरस्त कर दी गई। अचानक निरस्तीकरण के चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा, स्टेशन प्रशासन की ओर से कैंट स्टेशन पर टिकट निरस्तीकरण करने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त काउंटर भी खोले गए।