मरदह में गोली से घायल युवक को उपचार के दौरान जिला अस्पताल में देखते एवं परिजनों से जानकारी लेते ए?
- फोटो : GHAZIPUR
मरदह (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में शनिवार देर शाम बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने वीरेंद्र राम के जा कर उन्हें आवाज दी। आवाज सुन कर उनका भतीजा सन्नी गौतम बाहर निकला तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी और भाग निकले। कमर एवं हाथ में गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को जिला अस्पताल लाया गया। एसपी डा. ओपी सिंह ने वहां घटना की जानकारी ली। वहीं डाक्टरों ने घायल को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इधर कासिमाबाद सीओ के नेतृत्व में तीन थाने की पुलिस एवं एसओजी प्रभारी पहुंचकर छानबीन में जुट गए।
कबीरपुर गांव निवासी वीरेंद्र राम गांव से बाहर सिवान में मकान बनाकर परिवार सहित रहते हैं। कुछ दिनों से उनकी तबीयत काफी खराब है। उनका हालचाल लेने के लिए गांव से उनका भतीजा सन्नी कुमार गौतम (26) आया हुआ था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश आए और वीरेंद्र चाचा, चाचा की पुकार लगाने लगे। आवाज सुनकर सन्नी निकला तो बदमाशों ने दो फायर झोंक दिया। सन्नी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आवाज सुनकर घरवाले बाहर आए तो फरार हो चुके थे। परिजनों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष कमलेश पाल युवक को जिला अस्पताल के लिए ले गए। घटना की जानकारी होने पर सीओ कासिमाबाद महिपाल पाठक के नेतृत्व में स्थानीय थाने की पुलिस, बिरनो और दुल्लहपुर की पुलिस भी पहुंच गई। वहीं कुछ देर बाद पहुंचे एसओजी प्रभारी श्यामजी यादव छानबीन में जुट गए। मौके से दो खोखे बरामद हुए हैं। इधर घायल के जिला अस्पताल पहुंचते ही एसपी डा. ओपी सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। इस संबंध में कासिमाबाद के सीओ महिपाल पाठक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गांव में ही किसी से पुरानी रंजिश का लग रहा। फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।