एनसीसी के 100 यूपी बटालियन एनसीसी के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को समापन हुआ। दस दिन तक चले इस शिविर में कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही युद्ध के समय मैप रीडिंग, फायरिंग, परेड आदि के बारे में भी बताया गया। मुख्य अतिथि अपर महानिदेशक मेजर जनरल मनीष कुमार ने कैडेट्स को जीवन में अनुशासन को आत्मसात करने का संकल्प दिलाया।
सनबीम सनसिटी में आयोजित समारोह में अपर महानिदेशक ने कहा कि इस तरह के शिविरों से नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ ही राष्ट्रसेवा की भावना का विकास होता है। इस दौरान आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिसर (एआरओ) कर्नल शैलेश कुमार ने कैडेट्स को भारतीय सेना में कॅरिअर, भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। शिविर में कैडेट्स को इंसास राइफल के संचालन, फायरिंग सुरक्षा नियमों, युद्धकालीन परिस्थितियों में आने वाली चुनौतियों से निपटने के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई। कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल राकेश रोशन ने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का मंच नहीं, बल्कि युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स से जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अनुशासन, समर्पण, निष्ठा एवं सेवा-भाव को अपनाने का आह्वान किया। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया गया। इस दौरान ग्रुप कमांडर, वाराणसी ‘बी’ ग्रुप कैप्टन विकास पंजियार, एनसीसी अधिकारी, पीआई स्टाफ मौजूद रहे।