भाजपा की सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष व यूपी के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भाजपा से तल्ख होते रिश्ते के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शरीक नहीं होने की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि वह गाजीपुर से विधायक हैं और राज्य सरकार के अंग हैं।
गाजीपुर में इसके पहले भी प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम हुआ और पूर्वांचल में दौरा हुआ, लेकिन इन कार्यक्रमों में उनको कभी भी बुलाया नहीं गया। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 दिसंबर को गाजीपुर आएंगे। पीएम मोदी यहां महाराजा सुहेलदेव पर डाक टिकट जारी करेंगे। शहर के ऐतिहासिक आरटीआई मैदान से गाजीपुर को कई सौगात दे सकते हैं।
योगी सरकार में दिव्यांग जन सशक्तिकरण मंत्री राजभर ने शनिवार को बलिया में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में सम्मिलित नहीं होंगे। लोकसभा चुनाव को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि भाजपा से सीट को लेकर समझौता नहीं हुआ तो उनका दल यूपी में 80 व बिहार की 16 सीट पर अकेले ही चुनाव मैदान में उतरेगा।
वह अकेले चुनाव लड़ने को लेकर तैयारी कर रहे हैं। राजभर ने कहा कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ व राजस्थान में भाजपा को एससी/एसटी कानून व लंबे समय तक सरकार में रहने का खामियाजा भुगतना पड़ा है।
राजभरों को एकजुट करने में जुटे राज्यमंत्री
राज्यमंत्री अनिल राजभर
- फोटो : अमर उजाला
आगामी 29 दिसंबर को गाजीपुर में राजभरों की रैली को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। इसकी तैयारियों में जुटे प्रदेश के राज्यमंत्री अनिल राजभर लगातार पूर्वांचल के हर जिलों में बैठक कर राजभरों को एकजुट करने में लगे हैं।
उधर, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी आरक्षण को तीन भागों में बांटने की मांग के लिए लगातार दबाव बनाए हुए है। उनकी पार्टी का मानना है कि राजभरों को पता है कि उन्हें डाक टिकट का झुनझुना पकड़ाया जा रहा है।
राज्यमंत्री ने विधानसभावार 21-21 पदाधिकारियों की टोली बनाई है, जो आठों विधानसभाओं में जनसंपर्क कर राजभरों को रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। जनसंपर्क में लगे नेताओं की मानें तो पांच हजार राजभर हर विधानसभा से रैली में जाएंगे।
अकेले बनारस से बड़ी संख्या में राजभर गाजीपुर पहुंचेंगे। इनके लिए वाहनों की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा मिर्जापुर, गाजीपुर, मऊ, बलिया, आजमगढ़, चंदौली, सोनभद्र सहित पूर्वांचल के कई जिलों से राजभर समाज के लोग जुटेंगे।