वाराणसी। कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य निर्यात विकास प्राधिकरण एपीडा के माध्यम से किसान आलू को दुबई निर्यात कर रहे हैं। ऐसे में दुबई के शेख को भी बनारस के आलू का स्वाद खूब पसंद आ रहा है। इन दिनों यूएई में पूर्वांचल के सब्जियों की मांग बढ़ी है। हरी सब्जियों के बाद अब तक करीब चार टन आलू दुबई भेजे जा चुके हैं। एपीडा के उप महाप्रबंधक सीबी सिंह ने बताया कि किसानों को एफपीओ से जुड़कर सब्जियों और फलों को बाहर बेचने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कहा कि चिरईपुर व बाबतपुर के किसान आलू को बेच रहे है। एफपीओ से जुड़कर किसान अपने उत्पादों को विदेशों में भी बेच सकते है।
पहले भेजा गया था सिंघाड़ा और केला
यूएई में आलू से पहले बनारस के करीब चार सौ किलो सिंघाड़ा और केला को यूएई भेजा गया है। आस-पास के जनपदों से भी सब्जियों और फूलों को एक्स्पोर्ट किया जा रहा है। एफपीओ से जुड़े किसानों को दो गुना से भी ज्यादा का मुनाफा हो रहा है।
यूएई भेजे गए पूर्वांचल के उत्पाद
हरी मिर्च, आम, आंवला, केला, गेंदा फूल।
पूर्वांचल में दर्ज एफपीओ की संख्या- 50
एक एफपीओ में किसानों की संख्या- 300
कुल जुड़े हुए किसान- 15000