समान काम समान वेतन, पुरानी पेंशन योजना बहाली, पांच दिवसीय बैंकिंग समेत 12 सूत्रीय मांगें न पूरी होने के विरोध में बैंक कर्मचारी दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। बैंकों के न खुलने से दो दिन में जिले में 1000 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ, वहीं 35 हजार चेक और ड्राफ्ट का क्लीयरेंस नहीं हो सका। कर्मचारियों ने अगले महीने भी 11 से 13 मार्च तक हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। दो दिन की हड़ताल से जिले में 1000, जबकि पूर्वांचल में 2000 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ।
दो दिन की हड़ताल के अंतिम दिन शनिवार को इलाहाबाद बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक आफ इंडिया, केनरा बैंक, बैंक आफ बड़ौदा, बैंक आफ इंडिया की शाखाओं पर ताला बंद होने से ग्राहकों को निराश लौटना पड़ा। शाखाओं पर बैंक हड़ताल की नोटिस भी चस्पा की गई थी।
उधर, यूनाइटेड फोरम बैंक आफ यूनियन की जिला इकाई की ओर से बैंक आफ इंडिया आंचलिक कार्यालय महमूरगंज पर कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर बुद्धि शुद्धि यज्ञ में आहुति दी। अध्यक्ष अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि अगर समय रहते मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज होगा।