वाराणसी के राजवारी पुल के समीप शनिवार की सुबह रोडवेज की बस एक स्कूटी सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में बस सवार तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि 22 अन्य यात्रियों को हल्की चोट लगी है। सूचना पाकर पहुंची चौबेपुर थाने की पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
अंबेडकर नगर डिपो की रोडवेज बस वाराणसी से 25 यात्रियों को लेकर आजमगढ़ जा रही थी। बस भंदहा कलां, कैथी टोल प्लाजा से होते हुए राजवारी पुल के समीप पहुंची थी। उसी समय स्कूटी सवार दो लोग अचानक सामने आ गए। उन्हें बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। खाई में बस गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पाकर पहुंची चौबेपुर थाने की पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल यात्रियों को बाहर निकाला। सभी को समीप के अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 22 यात्रियों को छुट्टी दे दी गई। वहीं, रिंग रोड सारनाथ निवासी संदीप सिंह (35) और आजमगढ़ के सोनू जायसवाल (27) व सुरेंद्र यादव (30) के गंभीर रूप से घायल होने के कारण उन्हें उपचार के लिए एंबुलेंस से दीनदयाल अस्पताल भिजवाया गया।
कैथी चौकी प्रभारी काशीनाथ उपाध्याय ने बताया कि हादसे में बस चालक और परिचालक भी घायल हुए हैं। दोनों अपना प्राथमिक उपचार कराकर चले गए। उधर, स्थानीय ग्रामीणों का कहना था कि वाराणसी से आजमगढ़ को जाने वाली रोडवेज की बसों की रफ्तार काफी तेज रहती है। इसकी वजह से अक्सर हादसे होते रहते हैं।