जानकारी के अनुसार, लंका पुलिस ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत लाैटूवीर इलाके में वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल पर सवार युवक आते दिखाई पड़ा। पुलिस को देख युवक मोटरसाइकिल से कूद सर्विस लेन की तरफ भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया तो खुद को घिरा देखकर बदमाश ने फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल हो गया। बदमाश को इलाज के लिए बीएचयू ट्राॅमा सेंटर भेज गया। बदमाश की पहचान मिश्रपुर करीमुद्दीनपुर (गाजीपुर) के रहने वाले विनय यादव के रूप में हुई है।
मौके पर पहुंचे एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी. ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 में लंका में गोकशी का मुकदमा दर्ज हुआ था। उसी मामले में आरोपी 25 हजार का इनामी था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी गायब चल रहा था। देवरिया, जौनपुर, गाजीपुर, सुल्तानपुर सहित वाराणसी में कुल 11 मुकदमें दर्ज हैं। ये मामले हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, गैंगेस्टर सहित गोकसी से जुड़ हुए हैं।