वाराणसी। कैंटोंमेंट क्षेत्र में बुधवार को प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। रक्षा संपदा विभाग की टीम ने बंगला नंबर 51 में बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जा हटवाया। कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। दोपहर में रक्षा संपदा अधिकारी प्रयागराज के प्रतिनिधि के निर्देश पर अवर अभियंता सचिन श्रीवास्तव, सेनेटरी इंस्पेक्टर अजय कुशवाहा और पवन चौधरी के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ दस्ता पहुंचा। टीम ने खाली पड़ी सरकारी भूमि पर रानी जॉर्ज की ओर से किए गए अवैध कब्जे को ध्वस्त कर जमीन को कब्जामुक्त कराया। परिसर में अवैध रूप से साड़ी शोरूम का निर्माण करा रहे सलीम को प्रशासन ने दो दिन के भीतर निर्माण हटाने का नोटिस दिया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि तय समय सीमा में निर्माण नहीं हटाने पर विभाग की ओर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर कानूनी कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन की कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही। ब्यूरो