राजातालाब। पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के द्वितीय पड़ाव भीमचंडी में श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए सार्वजनिक शौचालय के सेप्टिक टैंक में शनिवार शाम पारस कुमार की भैंस गिर गई। पारस ने भैंस को सेप्टिक टैंक के ऊपर बांधा था। जानकारी के अनुसार शौचालय का निर्माण पंचकोसी पदयात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किया गया था। सेप्टिक टैंक के ऊपर का एक हिस्सा ढक्कन लगाने के लिए खुला छोड़ा गया था, लेकिन निर्माण के बाद भी उस पर ढक्कन नहीं लगाया गया। इसी खुले हिस्से से 10 फीट गहरे टैंक में भैंस गिर गई। भैंस चार बजे टैंक में गिरी, लेकिन इसकी जानकारी पशु मालिक को तब हुई जब वह शाम को उसे खोजने निकले। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। बचाव अभियान के तहत जेसीबी मशीन से टैंक के किनारे की मिट्टी खोदकर उसकी दीवार तोड़ी गई और पांच घंटे की मशक्कत के बाद रात नौ बजे भैंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। संवाद