Varanasi News: बीएसएनएल अधिकारियों के अनुसार, काशी में नए सुपर एज राउटर की स्थापना के बाद फाइबर के इंटरनेट कनेक्शन की गति और बेहतर हो गई है। जिले में डीएनएस सर्वर की स्थापना का कार्य चल रहा है। इसके बाद सेवाएं और बेहतर होंगी। वाराणसी में नए उपकरणों की रिंग तैयार हो रही है, जिससे बेहतर फाइबर इंटरनेट व 4जी सेवाओं के लिए बैक बोन तैयार हो जाएगा।
अब नेटवर्क ही नहीं बल्कि मोबाइल निर्माण में भी भारत संचार निगम लिमिटेड ने कदम बढ़ा दिया है। बहुत जल्द बाजार में बीएसएनएल के मोबाइल भी आ जाएंगे। मोबाइल निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सब कुछ ठीक रहा तो अगस्त माह तक ग्राहकों के हाथ में बीएसएनएल का मोबाइल होगा।
विज्ञापन
बीएसएनएल के अधिकृत रिटेलर से मोबाइल खरीद सकेंगे। बीएसएनएल अधिकारियों के अनुसार यह मोबाइल सेट नामी कंपनियों से कम नहीं होगा। फीचर और सुविधाएं बेहतर होंगी। दिनों दिन अपने नेटवर्क में सुधार ला रहे बीएसएनएल ने काशी में 4-जी लांच कर दिया है। सिम कार्ड को भी अपग्रेड किया जा रहा है, जैसे ही पूरा जनपद जुलाई माह तक 4-जी नेटवर्क से लैस हो जाएगा, उसके बाद ही मोबाइल को बाजार में उतारने की तैयारी चल रही है।
अधिकारियों के अनुसार अगस्त के दूसरे सप्ताह तक मोबाइल बाजार में उतार दिया जाएगा। शुरुआती चरण में बीएसएनएल के रिटेलर के यहां से मोबाइल खरीद सकते हैं। शुरुआती कीमत 10 हजार रुपये होगी। सभी मोबाइल में 4जी सिमकार्ड की सुविधा मिलेगी। बीएसएनएल महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि दो माह बाद बीएसएनएल मोबाइल को बाजार में उतारने संबंधी तैयारियां चल रही हैं।