दिन में करीब 12 बजे परिवार के लोग खेत से लौटे तो देखा कि गुड़िया के साथ ही उसका देवर नहीं था। लोग सोचने लगे कि बच्चों को छोड़ दोनों कहां चले गए। इसी दौरान बड़ी बहन शीला को भूसा वाले कमरा में खट-पट की आवाज सुनाई दी तो उसने सोचा कि शायद बिल्ली है। अंदर गई तो शव के पैर से उसका पैर टकरा गया।
यह देख वह चिल्लाने लगी। परिवार के अन्य लोग दौड़कर कमरा में पहुंचे तो देखा कि गुड़िया का शव था। उसके मुंह में स्वेटर ठूंसा हुआ था। उसका देवर गायब था। वहां आसपास के लोग भी जमा हो गए। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
परिजनों का कहना था कि पिछले सप्ताह गुड़िया का देवर से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों की पूछताछ में बड़ी बहन की लड़की ने बताया कि देवर ने उन्हें पैसा देकर टाफी खरीदने के लिए बाहर भेज दिया था। कुछ ही देर में सीओ विनय गौतम के साथ कोतवाल अशेषनाथ सिंह पहुंच गए।
परिजनों से पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर देवर अजय राम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।