ईंट निर्माता परिषद और एलायंस फॉर एनर्जी एफिशिएंट इकॉनमी (एईईई) के संयुक्त तत्वाधान में शुक्रवार को छावनी स्थित एक होटल में ईंट उद्योग में ऊर्जा दक्षता, प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण विषय पर कार्यशाला हुई। इसमें ईंट उद्योग को अधिक प्रतिस्पर्धी और पर्यावरण के अनूकूल बनाने पर चर्चा हुई। शुभारंभ ईंट निर्माता परिषद के अध्यक्ष कमलकांत पांडेय, उद्योग विभाग के अपर आयुक्त उमेश कुमार सिंह, एईईई के अध्यक्ष डॉ. सतीश कुमार, एमएसएमई के संयुक्त निदेशक एलबीएस यादव और बीएचयू पर्यावरण विभाग के निदेशक अखिलेश सिंह रघुवंशी ने किया। कार्यशाला में एईईई की ओर से ईंट क्लस्टर में किए गए सर्वे के निष्कर्ष, एसओपी दस्तावेज और सर्वे रिपोर्ट फाइंडिंग्स का औपचारिक लॉन्च हुआ। कमलकांत पाण्डेय ने कहा कि जिगजैग तकनीक एवं स्वच्छ ऊर्जा आधारित भट्टों को अपनाने से ईंट उद्योग ऊर्जा की बचत करेगा। उद्योग विभाग के अपर आयुक्त उमेश कुमार सिंह ने इसे समय की आवश्यकता बताया। उद्यमी मित्र पूजा चाैबे, एमएसएमई के संयुक्त निदेशक एलबीएस यादव, डॉ. सतीश कुमार मौजूद रहे।