एक सप्ताह पहले ही किराए पर लिया था कमरा
जानकारी के अनुसार दंपती करीब एक सप्ताह पहले कटरिया गांव निवासी सुरेंद्र नारायण सिंह के मकान में किराए पर कमरा लेकर रहने आया था। दोनों कटरिया स्थित इंडियन ऑयल के सामने पूड़ी-सब्जी का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
बताया जा रहा है कि 13 अगस्त की देर रात दोनों कमरे में अगीठी जलाकर सो गए थे। शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। लोगों ने इसकी सूचना जफरपुर चौकी पुलिस को दी।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस ने उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के अंदर रानी देवी (19) पत्नी आकाश कुमार निवासी सुल्तानपुर, रामनगर, वाराणसी मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। वहीं पति आकाश कुमार बेहोशी की हालत में मिला।
पुलिस ने तत्काल उसे नियामताबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी कमरे की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पति की हालत नाजुक है और जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। पत्नी की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने जांच की है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।