दिल्ली से डिब्रूगढ़ टाउन जा रही 14056 डाउन ब्रह्मपुत्र मेल के इंजन का कपलिंग गाजीपुर जिले में भदौरा रेलवे स्टेशन पर टूट गया। जिससे ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। इंजन बोगियों को छोड़कर आगे बढ़ गया। गार्ड ने वॉकी टॉकी से चालक को सूचित कर इंजन बैक कराया। इस दौरान मंडलीय और क्षेत्रीय अधिकारी आधे घंटे तक कड़ी मशक्कत कर बोगियों को जोड़ा।
इसके बाद ट्रेन के सभी बोगियों की कपलिंग की जांच की गई। करीब ढाई घंटे बाद ट्रेन गंतव्य को रवाना हुई। मंडल रेल प्रबंधक दानापुर जेके सिंह ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। डाउन ब्रह्मपुत्र मेल सोमवार को दिन में सवा तीन बजे दानापुर मंडल के दिलदारनगर जंक्शन से डिब्रूगढ़ टाउन के लिए रवाना हुई।
करीब साढ़े तीन बजे ट्रेन के भदौरा रेलवे स्टेशन पार करते ही इंजन का कपलिंग टूट गया जिससे ट्रेन दो भागों में बंट गई और बोगियों को छोड़कर इंजन आगे बढ़ गया। गार्ड ने वाकी टाकी के माध्यम से इसकी सूचना चालक को देने के साथ ही भदौरा रेलवे स्टेशन मास्टर और मंडलीय अधिकारियों को दी। सूचना पर चालक ने इंजन रोक दिया।
आधे घंटे बाद अधिकारियों के निर्देश पर इंजन वापस लाकर बोगियों से जोड़ा गया। दिलदारनगर रेलवे स्टेशन से क्षेत्रीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और सभी बोगियों के कपलिंग की जांच की। आश्वस्त होने के पश्चात ट्रेन ढाई घंटे की देरी से करीब छह बजे रवाना हुई।
इस दौरान यातायात पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा। मंडल रेल प्रबंधक दानापुर जेके सिंह ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। मामले की जांच कराई जा रही है।