वाराणसी। वेतन विसंगति, प्रमोशन सूची में हो रही देरी सहित कई मांगों के विरोध में अस्पताल कर्मचारियों का छह दिवसीय कार्य बहिष्कार सोमवार से शुरू हो गया।
इसके चलते अपर निदेशक, सीएमओ कार्यालय, दीनदयाल अस्पताल, मंडलीय अस्पताल समेत विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों के कार्यालयों में कामकाज ठप रहा। मांगों के समर्थन में सीएमओ कार्यालय, दीनदयाल अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर कर्मचारियों ने सरकार से जल्द कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान जननी सुरक्षा का चेक बनाने सहित कई जरूरी कार्यालयीय काम प्रभावित रहा। हालांकि मरीजों को कोई खास परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
यूपी मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन की प्रांतीय इकाई के आह्वान पर कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया। जनपद शाखा के अध्यक्ष निर्भय नारायण सिंह और मंत्री अजय पांडेय के देखरेख में अलग-अलग स्थानों पर हुए धरना-प्रदर्शन कर कर्मचारियों ने हक की लड़ाई लेने का संकल्प लिया।
मंत्री अजय पांडेय ने बताया कि प्रमोशन सूची जारी होने के बाद अब तक फाइनल सूची प्रकाशित नही की जा सकी है। कहा कि वेतन विसंगति, समायोजन मामले में कार्रवाई न होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान केएन गोस्वामी, हरिओम गुप्ता, विजय कुमार, सहजानंद पांडेय, जाहिद रजा आदि मौजूद रहे।