घटना से परिवार में होली की खुशियों की जगह मातम छा गया
होली के दिन जुआ खेलने पर किशोर को मां ने डांटा तो क्षुब्ध होकर उसने खुद को आग लगा ली। इससे गांव में हड़कंप मच गया। बीएचयू ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
भदोही के औराई निवासी धीरेंद्र (16) पुत्र पांचू गौतम शुक्रवार को गांव में जुआ खेलने निकला था। जुए में 300 रुपये हारने के बाद घर लौटा तो मां ने उसे डांट दिया। मां की डांट उसे इतनी नागवार गुजरी कि उसने कमरे में जाकर मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग लगा ली।
कुछ देर बाद वह जलते हुए बाहर निकला तो लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई। शोरगुल के बाद पहुंचे लोगों ने उस पर कंबल आदि डालकर आग बुझाई लेकिन तब तक वह 80 फीसदी तक जल चुका था।
आनन-फानन में घर वाले उसे लेकर औराई सीएचसी गए, जहां हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने बीएचयू रेफर कर दिया। बनारस ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। धीरेंद्र दो भाइयों में बड़ा था। घटना से परिवार में होली की खुशियों की जगह मातम छा गया है।