वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र के नासीरपुर निवासी नरेश चंद्र पांडेय की शिकायत पर फ्लैट बेचने के नाम पर रुपये लेने और बाद में न तो कब्जा देने और न ही रकम लौटाने के आरोप में पुलिस ने प्रत्यक्ष इंफ्रा डेवलपर्स लिमिटेड के निदेशक ऋषिकेश उपाध्याय, कालिंदी उपाध्याय, राजेश राय, अविनाश उपाध्याय और संतोष दुबे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। नरेश चंद्र पांडेय ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी जर्मनी में उच्च शिक्षा के लिए रहती है। उसके लिए पटिया में एक परियोजना में चौथी मंजिल पर तीन बीएचके फ्लैट पसंद किया गया था। फ्लैट की कीमत 37.39 लाख रुपये तय हुई थी। आरोप है कि फ्लैट बुक करने के नाम पर 10.76 लाख रुपये ले लिए गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपियों ने न तो फ्लैट का कब्जा दिया और न ही रुपये वापस किए। काफी प्रयास के बाद भी समाधान नहीं होने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो