पीडीडीयू नगर के विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय के गर्ल्स कॉमन रूम में मिला था अस्पताल मैनेजर पंक
शहाबगंज थाना क्षेत्र के कनेरा गांव निवासी निजी अस्पताल के मैनेजर पंकज चौबे (32) का शव बुधवार की सुबह मुगलसराय थाना क्षेत्र के विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय के काॅमनरूम में मिला। मंगलवार की सुबह घर से अस्पताल जाने के लिए निकले पंकज रात में वापस नहीं लौटे तो परिजन घबरा गए।
बुधवार सुबह शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहाबगंज थाना क्षेत्र के कनेरा गांव निवासी भरत चौबे ने बताया कि पुत्र पकंज चौबे पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित एक निजी अस्पताल में मैनेजर था।
हर रोज कि भांति मंगलवार की सुबह पंकज घर से काम पर जाने के लिए निकला था। पिता ने बताया कि पंकज ने रात में आठ बजे अपनी मां को फोन करके घर आने की बात कही थी। इसके बाद वह काफी देर तक नहीं आया।
उन्होंने बताया कि देर रात उसके एक मित्र आकाश ने उनके दामाद के मोबाइल पर फोन करके बताया कि दोस्तों की पार्टी थी, काफी रात होने के चलते वह सुबह आएगा। इसके बाद बुधवार की सुबह आकाश ने फोन कर पंकज की तबीयत खराब होने की सूचना दी।
सूचना के बाद परिवार के लोग विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय पहुंचे जहां काॅमनरूम पंकज बेसुध हाल में पड़ा था। बताया कि उसके मुंह से झाग व नाक से खून निकल रहा था। इसके अलावा हाथ में चोट भी थी। इसके बाद वे उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस कमरे को सील करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में मुगलसराय कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि मृतक के पिता के प्रार्थना पत्र के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।