नावों पर नहीं नजर आ रही लाइफ जैकेट, गंगा में सुरक्षा नियमों की उड़ा रहे धज्जियां
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। मरम्मत कार्य के लिए मालवीय पुल पर वाहनों का आवागमन बंद होने के बाद नाविकों की चांदी हो गई है। नाविक यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से भले ही गंगा में कोई साधन न शुरू किया गया हो, लेकिन 2 दिनों से नाविक लोगों को लाने और ले जाने का काम कर रहे हैं। इस बीच किराये को लेकर काफी किचकिच हो रही है। कभी नाविक और यात्रियों के बीच किराये को लेकर तो कभी यात्रियों को अपने नाव में बैठाने को लेकर आपस में ही भिड़ जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को दो नाविक किराये को लेकर यात्रियों से भिड़ गए। नौबत हाथापाई तक की आ गई। किसी तरह बीच बचाव कर स्थानीय लोगों ने माहौल को शांत किया। मालवीय पुल पर आवागमन बंद होने से 10 हजार लोगों को समस्या हो रही है। पैदल आवागमन शुरू है, लेकिन लोगों की मांग है कि पुल की मरम्मत तक गंगा में नावों से यातायात शुरू किया जाए। ऐसे में निजी नावों के संचालक दो दिन से नावों का संचालन कर कमाई कर रहे हैं। नमो घाट से नावों में यात्रियों को गंगा पार कराने के दौरान सुरक्षा को ताक पर रखा जा रहा है। नाविक बिना लाइफ जैकेट पहने यात्रियों को गंगा पार करा रहे हैं। न ही यात्री नियमों का पालन कर रहे हैं। जल पुलिस प्रभारी एसआर गौतम ने बताया कि यात्रियों को किराया तय कर नावों पर बैठना चाहिए। जो भी नाविक बिना लाइफ जैकेट पहने यात्रियों को बैठाएगा, उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।