वाराणसी। रक्तदान से बड़ा महादान कोई और नहीं है। जरूरत पड़ने पर अगर मरीज को समय से खून न मिले तो उसकी जान पर बन आती है। ऐसे में जरूरी है कि अधिक से अधिक लोग रक्तदान करें। अगर आप ऐसा करना चाहते हैं तो अमर उजाला फाउंडेशन और रक्त मित्र परिवार के संयुक्त तत्वावधान में 12 अक्तूबर को डीरेका अस्पताल में सुबह 10 बजे से तीन बजे तक रक्तदान शिविर लगाया जा रहा है।
जिले में बीएचयू सर सुंदरलाल अस्पताल, मंडलीय अस्पताल, दीनदयाल अस्पताल के ब्लड बैंकों के नियमानुसार जरूरत पड़ने पर एक यूनिट रक्त डोनेट करने के बाद ही संबंधित मरीज को ब्लड मिलता है। जरूरत के हिसाब से रक्तदाताओं की संख्या बहुत कम है। इस वजह से कभी-कभी मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बनारस के अस्पतालों में इलाज कराने वाले मरीजों के साथ ही थैलेसीमिया और कैंसर के रोगियों को भी नियमित रक्त की जरूरत पड़ती और उन्हें डोनर नहीं मिल पाते हैं। ऐसे में कोई भी रक्तदाता ऐसे रोगियों की जान बचाने में मदद कर सकता है। बीएचयू ब्लड बैंक के इंचार्ज डॉ. एसके सिंह ने बताया कि रक्तदान करने को लेकर लोगों के मन में भ्रांतियां बहुत रहती हैं लेकिन यह भी जानना जरूरी है कि रक्तदान से नुकसान नहीं बल्कि फायदा ही होता है। रक्तमित्र परिवार से जुड़ी संगीता प्रसाद और शशि मौर्या ने बताया कि डीरेका अस्पताल में लगने वाले रक्तदान शिविर के दौरान लोगों को नेत्रदान के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।
रक्तदान में रखें ध्यान
18 से 65 साल का कोई भी व्यक्ति कर सकता है रक्तदान ।
रक्तदान करने से एक दिन पहले रात में नींद पूरा होना जरूरी है।
खून देने से पहले हल्का नाश्ता करने के साथ ही अधिक पानी पीना चाहिए।
बीमार व्यक्ति को रक्तदान करने से बचना चाहिए।