सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सीडीपीओ विजय कृष्ण उपाध्याय ने एसडीएम को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत छितौनी की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं भाग संख्या 251 की बीएलओ संयोगिता फाॅर्म भरवाने के लिए घर-घर जाने के बजाय क्षेत्र से लापता रहती हैं। मतदाताओं से ठीक व्यवहार न करने की शिकायतें लगातार ग्रामीणों से मिल रही हैं। इस पर उन्होंने शिकायतकर्ताओं से संबंधित फॉर्म कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा था।
सोमवार को दोपहर बीएलओ संयोगिता कार्यालय पहुंचीं और तेज आवाज में बात करने लगीं। जब उन्हें समझाने का प्रयास किया गया तो वह नाराज हो गईं और अपने भाई और बेटे को कार्यालय बुला लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर कार्यालय में गाली-गलौज की, धमकी दी और फाॅर्म जमा नहीं किए। इस घटना से कार्यालय का माहौल खराब हुआ और सरकारी कार्य बुरी तरह प्रभावित हुआ। एईआरओ ने मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।