अधिकारियों को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजने पर माने
- फोटो : अमर उजाला
बनारस के गौर गांव में राजस्व विभाग की टीम के साथ मौका मुआयना करने गई पुलिस टीम में शामिल एक दरोगा ने एक भाजपा कार्यकर्ता थप्पड़ मार दिया। जानकारी होते ही जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में भाजपाई मिर्जामुराद थाने पहुंच गए।
उन्होंने आरोपी दरोगा के विरुद्ध कार्रवाई के लिए थाने का घेराव कर दिया। घटना गुरुवार शाम की है। भाजपा जिलाध्यक्ष के सामने थानाध्यक्ष अवनीश कुमार राय ने दरोगा की ओर से माफी मांगी लेकिन कार्यकर्ता कुछ सुनने को तैयार नहीं हुए।
आखिरकार जब थानाध्यक्ष ने दरोगा के खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजने का भरोसा दिलाया तब जाकर हंगामा थमा। इस दौरान तकरीबन एक घंटे तक मिर्जामुराद थाने में अफरातफरी का माहौल रहा। भाजपा नेता सुरेंद्र बिंद का आरोप था कि उनके भाई विजय को दरोगा धर्मेंद्र यादव ने थप्पड़ मारा।
वहीं, थानाध्यक्ष का कहना था कि विजय बातचीत की रिकार्डिंग मोबाइल में कर रहा था। इसी को लेकर बात बढ़ी और एसआई धर्मेंद्र यादव ने मना किया तो विजय उनसे उलझ गया और धौंस जमाने लगा। इससे नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष को सूचना देते हुए मिर्जामुराद थाने का घेराव कर दिया और दरोगा के निलंबन की मांग करने लगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस बारे में एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने कहा कि तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर यदि किसी पुलिसकर्मी की चूक प्रमाणित होगी तो निश्चित रूप से उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।