BJP State General Secretary Ashok Kataria
भाजपा के प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया ने रविवार को कहा कि लोहिया के समाज वाद को परिवार वाद और अंबेडकर के बहुजन को एक जन में तब्दील करने वाली पार्टियों के दिन अब यूपी की राजनीति में लद गए हैं। भाजपा समाज के प्रति अपनी पंचमूलक निष्ठा के बल पर सूबे में परिवर्तन का रास्ता तय करेगी। अंत्योदय के लक्ष्य पर चलकर अंतिम आदमी के उदय के साथ ही भारत उदय का सपना पूरा होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नोटबंदी का फैसला इसी का अहम हिस्सा है। पिछड़ा वर्ग को एकजुट करने के लिए पार्टी प्रदेश भर में दो सौ से अधिक स्थानों पर पिछड़ा वर्ग सम्मेलन करेगी। यह बातें उन्होंने देर शाम चांदपुर स्थित अमर उजाला के कार्यालय में बातचीत के दौरान कही।
कटारिया ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के पंचमूलक मंत्र के बूते समाज में सबसे पीछे खड़े व्यक्ति को साथ लेकर चलना हमारी मूल अवधारणा है। भाजपा सबका साथ सबका विकास चाहती है। जबतक प्रदेश में सड़क, बिजली और यातायात में सुधार नहीं आएगा तब तक आमजन की स्थिति में सुधार नहीं आएगा। यूपी के विधान सभा चुनाव में भाजपा को प्रधानमंत्री के कार्यों, उपलब्धियों और विपक्ष की असफलताओं का फायदा मिलेगा।
उधर, पार्टी के गुलाब बाग स्थित कार्यालय में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सूबे में अखिलेश सरकार के रहते नौकरियों में 65 प्रतिशत नौजवानों के हितों के साथ धोखा हुआ है। भाजपा की सरकार बनती है तो इन धोखे बाजों से छुटकारा दिलाया जाएगा। बातचीत के मौके पर महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, संजय भारद्वाज, शोमनाथ विश्वकर्मा, अशोक पांडेय, चंद्रशेखर उपाध्याय मौजूद थे।