तीन से पांच अप्रैल तक बरेका में होने वाले सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य मंचन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए भाजपा ने ताकत झोंक दी है। मंगलवार को रोहनिया स्थित काशी क्षेत्र कार्यालय में भाजपा जिला इकाई के कार्यकर्ताओं की बैठक की गई। बैठक को एमएलसी अश्विनी त्यागी और गुजरात के पूर्व विधायक जगदीश पटेल ने संबोधित किया। एमएलसी अश्विनी त्यागी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस महानाट्य मंचन को केवल एक सांस्कृतिक आयोजन न मानते हुए इसे भारतीय गौरव और इतिहास से जोड़ने वाले जनांदोलन का रूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर संयोजक नियुक्त किए जाएं। उन्होंने कहा कि नाट्य कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता स्वयं तो बड़ी संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होंगे ही, साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों शिक्षा, व्यापार, किसान, युवा, महिला और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों को भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे। बैठक में एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, सुरेश सिंह, सुरेंद्र पटेल, अजय मुन्ना, रामप्रकाश दुबे, सुनीता सिंह, प्रवीन गौतम आदि मौजूद रहे।