भाजपा सांसद जगदंबिका पाल को सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व सीएम मानने से इंकार कर दिया है लेकिन वह जहां जाते हैं, वहां के जिला प्रशासन से पूर्व मुख्यमंत्री का प्रोटोकॉल चाहते हैं। सोमवार को वाराणसी पहुंचने के पूर्व उन्होंने अपने आगमन संबंधी सूचना जिला प्रशासन को भेजी।
इसमें खुद को सांसद एवं पूर्व सीएम बताया। प्रशासनिक अधिकारी भी उनके आगमन की सूचना को अन्य अधिकारियों को बढ़ाते गए। हालांकि आचार संहिता के कारण उन्हें प्रोटोकाल नहीं दिया गया।
पाल सोमवार की शाम दिल्ली से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वह दिवंगत साहित्यकार पद्मश्री मनु शर्मा के घर श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे। जगदंबिका पाल सोमवार की देर शाम दिवंगत मनु शर्मा के घर श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे।
वह करीब आधे घंटे तक उनके आवास पर रहे उनके पुत्र हेमंत शर्मा से वार्ता की। इस दौरान संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र और बीएचयू न्यूरोलॉजी के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. विजय नाथ मिश्र प्रमुख रूप से मौजूद रहे।