बाबा विश्वनाथ के दर पहुंचे राज्यसभा सासंद सीपी ठाकुर
- फोटो : facebook
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्यसभा सासंद डॉ सीपी ठाकुर रविवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पीएम के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। यहां उन्होंने आरक्षण और कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने कहा था कि देश के सर्वोच्च पद पर जब दलित हो तो आरक्षण समाप्त होना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सर्वोच्च पद पर दलित को राष्ट्रपति बनाया है। यह आरक्षण समाप्त करने का अच्छा समय है। साथ ही समाज में संपन्न जाति में आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को आरक्षण देने की वकालत की। रोहनिया में पत्रकारों से हुई बातचीत में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के बयान के सवाल पर कहा कि राजनीति में अपशब्द का कोई स्थान नहीं है।
किसी भी देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्द नहीं करना चाहिए। यह बात सभी राजनीतिक पार्टियों को समझना चाहिए। किसी भी दल को ओछी राजनीति नहीं करनी चाहिए।
मुलायम सिंह की ओर से अखिलेश यादव को गुजरात चुनाव में हार जाने की बात के सवाल पर कहा कि पिता के पुत्र पर क्रोध का एलिमेंट हो सकता है। थोड़ा पुत्र रास्ते से बहक गया है। रास्ते पर चले आए इसलिए कहा होगा। चुनाव में ईवीएम पर सवाल उठाए जाने पर कहा कि जो लोग ईवीएम पर सवाल उठाए उन पर कार्रवाई होनी चाहिए।