बलिया। हैबतपुर समेत 12 गांवों में गंगा के कटान से लोगों के प्रभावित होने के बाद भी बांध का निर्माण नहीं कराने के विरोध में शुक्रवार को युवा चेतना के कार्यकर्ताओं ने मालदेपुर मोड़ पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार विकास के मुद्दे पर फेल है। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला भी जलाया।
इस दौरान युवा चेतना के राष्ट्रीय महासचिव अजय राय मुन्ना ने कहा की विकास का दावा करने वाली योगी सरकार फेल हो गई है। हैबतपुर गांव से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्ज्वला योजना की शुरुआत की थी लेकिन इस गांव का विकास नहीं हो पाया। हैबतपुर सहित दर्जन भर गांव गंगा नदी के कटान के कारण अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। हमने प्रशासन से अनशन की अनुमति मांगी थी लेकिन नहीं मिली। सरकार लोकतांत्रिक तरीके से विरोध भी नहीं होने देना चाहती है। कहा कि प्रधानमंत्री तीन बार हैबतपुर में आए। मुख्यमंत्री योगी भी आए लेकिन बांध के लिए कुछ नहीं किया।
मोहन सिंह ने कहा की सरकार जनता को भ्रमित करने के लिए सिर्फ निरीक्षण कराती है। हमारी लड़ाई बांध निर्माण तक जारी रहेगी। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव अजय ओझा ने किया। इस अवसर पर रवींद्र तिवारी, अवधेश राय, बैजू राय, विनोद राय, मानिकचंद राय, आलोक राय, ओमप्रकाश पासवान, अवधेश गोंड़, रविशंकर राय पप्पू, गुड्डु सिंह, भरत राम, अरविंद राय उपस्थित रहे।