133 विधानसभा सीटों पर संगठन मजबूत करने की तैयारी
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने शनिवार को रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रशिक्षण वर्ग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम की शुरुआत 14 अक्तूबर को शाम चार बजे सुंदरपुर स्थित चौधरी लॉन में होगी। 15 अक्तूबर को शाम चार बजे प्रशिक्षण वर्ग का समापन होगा।
प्रशिक्षण वर्ग में काशी क्षेत्र की 71 विधानसभा सीटों के लिए 142 पदाधिकारी और गोरक्ष क्षेत्र की 62 सीटों के लिए 124 पदाधिकारी शामिल होंगे। इस तरह दोनों क्षेत्रों की 133 विधानसभा सीटों के लिए 266 विधानसभा प्रभारी और विस्तारक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
विधानसभा स्तर पर समन्वय पर जोर
भाजपा की रणनीति में विधानसभा प्रभारी और विस्तारक अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में दोनों क्षेत्रों के पदाधिकारियों को एक साथ प्रशिक्षण देने से संगठनात्मक कार्यों में तालमेल बढ़ाने और विधानसभा स्तर पर जिम्मेदारियों को स्पष्ट करने का अवसर मिलेगा। चुनाव से पहले इस तरह की गतिविधियां पार्टी की तैयारियों को गति देने के साथ स्थानीय स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने का माध्यम भी हैं। बैठक का संचालन अनूप जायसवाल ने किया, जबकि विद्याधर तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।