वाराणसी। ब्लाक प्रमुख चुनाव के नामांकन प्रक्रिया से ठीक एक दिन पहले भाजपा ने अपने पत्ते खोलते हुए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। छह सीट पर प्रत्याशी घोषित किया और दो सीटें सहयोगी अपना दल के खाते में दी है। भाजपा प्रत्याशी घोषित होने के बाद अब सपा भी अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गई है। उधर, सपा से एक दिन पहले ही भाजपा में शामिल हुए पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रवेश पटेल की पत्नी को भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाया है।
भाजपा की ओर से घोषित सूची में काशी विद्यापीठ ब्लाक से रेनू पटेल, चिरईगांव में अभिषेक सिंह चंचल, चोलापुर से लक्ष्मीना कनौजिया, पिंडरा में धर्मेंद्र कुमार विश्वकर्मा, सेवापुरी में रीना कुमारी और हरहुआ ब्लाक में विनोद कुमार उपाध्याय बबलू को प्रत्याशी बनाया गया है। इसमें सबसे अप्रत्याशित चोलापुर ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी का चयन रहा। यहां बसपा एमएलसी विनीत सिंह के करीबी मिर्जापुर जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया की भाभी को प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अलावा एक दिन पहले ही सपा से भाजपा में शामिल प्रवेश पटेल की पत्नी को काशी विद्यापीठ ब्लाक से प्रत्याशी बनाया गया है। उधर, बसपा और कांग्रेस की प्रत्याशी नहीं उतारने की घोषणा के बाद अब भाजपा की निगाहें सपा की रणनीति पर टिकी हैं। जबकि जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर मात खाई सपा किसी तरह की जोखिम नहीं उठानी चाहती। ऐसे में हर ब्लाक पर वह दो-दो प्रत्याशी तलाश रही है और उनके नामांकन की तैयारी में है। उधर, बड़ागांव और आराजी लाइंस ब्लाक को भाजपा ने सहयोगी दल अपना दल के खाते मेें दिया है। यहां भी जीताऊ प्रत्याशियों पर ही अपना दल दांव लगाएगी।