फत्तेपुर मोड़ के समीप शुक्रवार दोपहर में चार पहिया वाहन के धक्के से बाइक सवार किराना व्यापारी की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। हादसे के बाद कार सवार वाहन लेकर भाग निकला।
कपसेठी थाना अंतर्गत बारा डीह (कालिका बारा) निवासी जनरल स्टोर संचालक हरिहर सिंह (40 वर्ष) पड़ोसी देवेंद्र कुमार मिश्र (38 वर्ष) के साथ सुबह बाइक से पिंडरा बाजार गए और काम खत्म कर दोपहर में बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक देवेंद्र मिश्र चला रहे थे और पीछे हरिहर सिंह बैठे हुए थे। जैसे ही बाइक फत्तेपुर मोड़ के समीप पहुंची कि विपरीत दिशा से आई तेज रफ्तार कार से टक्कर हो गई।
टक्कर इतना जोरदार थी कि बाइक पर पीछे बैठे हरिहर सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे देवेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पुलिस ने हरिहर सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा और परिजनों को घटना की सूचना दी।