सुंदरपुर इलाके में सोमवार की दोपहर बरातियों से भरी तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार रामजी धनराज शर्मा (58) की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बस चालक को पकड़ कर उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद उसे चितईपुर थाने की पुलिस को सौंप दिया।
कबीरचौरा इलाके से एक बस बरात लेकर गया जा रही थी। सुंदरपुर क्षेत्र में बाइक सवार रामजी धनराज शर्मा को बस ने पीछे से टक्कर मार दी। रामजी धनराज शर्मा सड़क पर गिर पड़े तो बस का पहिया उनके सिर पर चढ़ गया और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर और रामजी धनराज शर्मा की जेब से मिले आधार कार्ड की मदद से पुलिस ने उनके परिजनों का पता लगाया।
चितईपुर थाना प्रभारी बृजेश मिश्र ने बताया कि रामजी धनराज शर्मा वेस्ट नवी मुंबई के रहने वाले थे। मंडुवाडीह क्षेत्र में उनकी बहन रहती हैं और वह अपने भांजे अनुज की शादी में शामिल होने के लिए आए थे। भांजे की बाइक लेकर वह बीएचयू गए थे। वापसी के दौरान वह हादसे का शिकार हो गए। बस को कब्जे में लेकर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है। चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा जाएगा।