फ्लाईओवर पर दूसरा युवक घायल, दोनों गाजीपुर के रहने वाले
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर पर शनिवार अपराह्न तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। बाइक सवार दो युवकों में एक फ्लाईओवर से उछलकर नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि उसका साथी फ्लाईओवर पर घायल अवस्था में पड़ा रहा। दोनों घायलों को सिगरा पुलिस ने बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
गाजीपुर के गोराबाजार थाना क्षेत्र के बड़ीबाग चुंगी निवासी प्रमोद कुमार वर्मा (28) और गाजीपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र के सरायगंज निवासी समीर शर्मा (28) दोनों लाल रंग की आर-वन बाइक से चौकाघाट फ्लाईओवर पर चढ़े और कैंट स्टेशन के पास फ्लाईओवर पर बाइक अनियंत्रित हो गई। डिवाइडर से टकराकर दोनों घायल हो गए। रफ्तार इतनी तेज थी कि प्रमोद कुमार फ्लाईओवर से नीचे गिर पड़ा। सिगरा थाना क्षेत्र के कैंट स्टेशन के पास पिलर नंबर 74-75 के पास प्रमोद को देख राहगीरों ने सिगरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो मालूम चला कि फ्लाईओवर के ऊपर से युवक नीचे गिरा है। रोडवेज और विद्यापीठ चौकी प्रभारी फ्लाईओवर पर पहुंचे तो उसका साथी समीर शर्मा भी घायलावस्था में पड़ा था और लाल रंग की बाइक भी क्षतिग्रस्त थी। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि दोनों घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। गाजीपुर से दोनों के परिजन भी सूचना पर अस्पताल पहुंचे। प्रमोद को ज्यादा चाेटें आई हैं।