भदोही (ऊंज)। रूद्रा ढाबे के पास बुधवार की शाम को वाराणसी-प्रयागराज सिक्सलेन पर कुत्ते को बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से भिड़ गई। हादसे में रोहित चौरसिया (24) पुत्र राजकुमार चौरसिया निवासी कटहरा उतरावं प्रयागराज की मौत हो गई।
उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रयागराज के कटहरा गांव निवासी रोहित चौरसिया बुधवार को बाइक से दोस्त नीरज पुत्र रूप नारायण निवासी दयालापुर प्रयागराज, शिवम मौर्य निवासी कटहरा प्रयागराज के साथ गोपीगंज अपने मामा के यहां निमंत्रण में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
ऊंज थाने के पास रूद्रा ढाबे के पास अचानक सामने कुत्ता आ गया। उसे बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण रोहित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना में नीरज और शिवम को गंभीर चोट लग गई। मृतक दो भाई और एक बहन में बड़ा था। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार चौहान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।