भदैनी क्षेत्र में हुए एक परिवार के पांच सदस्यों की हत्या के बाद अकेली बची बुजुर्ग शारदा देवी के आवेदन पर अब 20 जनवरी को सुनवाई होगी। मकान की कुर्की न करने देने के शारदा देवी के अनुरोध पर भेलूपुर थाने की पुलिस ने अदालत में रिपोर्ट दाखिल की है।
बीते 5 नवंबर 2024 को भदैनी निवासी राजेंद्र गुप्ता, उनकी पत्नी नीतू, बेटे नमनेंद्र व सुवेंद्र और बेटी गौरांगी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने विवेचना के दौरान राजेंद्र के बड़े भतीजे विशाल गुप्ता उर्फ विक्की को आरोपी बनाया। विक्की पर पुलिस की ओर से एक लाख का इनाम घोषित है। अदालत ने विक्की के खिलाफ कुर्की की उद्घोषणा जारी की है।
युवती से दुष्कर्म के प्रयास में मिली अग्रिम जमानत
घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म का प्रयास करने और विरोध करने पर मारपीट व तोड़फोड़ करने के मामले में आरोपी को राहत मिल गई। अपर जिला जज (सप्तम) विनोद कुमार की अदालत ने गंजारी, जंसा निवासी विवेक सिंह को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की दशा में एक-एक लाख रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर अग्रिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है।
दुष्कर्म और दहेज प्रताड़ना में पति समेत चार दोषमुक्त
विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और उसके साथ दुष्कर्म के मामले में पति समेत चार आरोपियों को कोर्ट से बड़ी राहत मिली। फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) कुलदीप सिंह की अदालत ने मुकदमे के विचारण के बाद आरोप सिद्ध न होने पर जद्दूमंडी, लक्सा निवासी पति, देवर और सास-ससुर को साक्ष्य के अभाव में संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया।
मकान में आग लगी
जैतपुरा थाना क्षेत्र के जमालुद्दीनपुरा में बीती शाम दोना-पत्ता पत्तल विक्रेता हीरू कुमार के मकान में आग लग गई। आग की जद में आकर मकान के प्रथम तल में बना दोना-पत्तल का स्टोर आ गया। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है।
जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि हमारे पहुंचने से पहले ही आग पर स्थानीय लोगों ने काबू पा लिया गया था।उधर, भेलूपुर स्थित जलकल के बिजली पैनल में बृहस्पतिवार को शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। मौजूद कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्र की मदद से आग को बुझाया। कुछ देर के लिए आपूर्ति बंद हो गई थी।
चाैक थाने की पुलिस ने पकड़ा चीनी मांझा।
- फोटो : अमर उजाला
254 किलो चीनी-नायलॉन मांझे के साथ दो दुकानदार गिरफ्तार
मकर संक्रांति बीतने के बाद भी चोरी-छिपे प्रतिबंधित चीनी और नायलॉन मांझे की बिक्री जारी है। बीती रात दालमंडी इलाके में चौक थाने की पुलिस ने छापा मारकर दो दुकानदारों के पास से 254.7 किलो प्रतिबंधित चीनी और नायलॉन मांझा बरामद किया।
दोनों की पहचान घुघरानी गली दालमंडी के शहनवाज और कुंजीटोला दालमंडी के हरिशंकर प्रजापति के रूप में हुई है। दोनों दुकानदारों का बृहस्पतिवार को चालान किया गया।
चौक थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्र ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि दालमंडी इलाके के दो दुकानदार चीनी-नायलॉन मांझा का स्टॉक रखे हुए हैं। इस सूचना के आधार पर दालमंडी चौकी प्रभारी भृगुपति त्रिपाठी और दरोगा आदित्य कुमार राय व शुभम शर्मा की टीम के साथ छापा मारा।
दोनों दुकानदारों की दुकान से बरामद प्रतिबंधित मांझा को जब्त किया गया। दोनों दुकानदारों के खिलाफ चौक थाने में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उधर, सेवापुरी क्षेत्र के जंसा थाने की पुलिस ने लक्षिपुर (रामेश्वर) गांव में छापा मारकर 31 पुड़िया और चार बंडल चीनी मांझे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान लक्षिपुर (रामेश्वर) गांव निवासी आनंद सिंह के रूप में हुई है।
चीनी मांझा जलाकर किया विरोध
चीनी मांझे के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। विभिन्न जगहों से इकट्ठा किए गए मांझे को रामनगर किला के समीप जलाकर विरोध जताया। सपा नेता अश्विनी तिवारी और विनोद ने कहा कि चीनी मंझा का विरोध जारी रहेगा।
ठंड के चलते कोर्ट पहुंचने में हो देरी तो प्रतिकूल आदेश न दें
अत्यधिक ठंड के कारण अधिवक्ता या वादकारी को अदालत में पहुंचने में विलंब हो सकता है। इस स्थिति को देखते हुए किसी भी मुकदमे में किसी प्रकार का कोई प्रतिकूल आदेश पारित न किया जाए। यह अनुरोध जिला जज संजीव पांडेय को ज्ञापन सौंप कर सेंट्रल और बनारस बार एसोसिएशन की ओर से बृहस्पतिवार को किया गया।
सेंट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री राजेश कुमार गुप्ता और बनारस बार एसोसिएशन के महामंत्री शशांक कुमार श्रीवास्तव के अनुसार दोनों बार एसोसिएशन की संयुक्त बैठक आहूत की गई। अधिवक्ताओं के साथ ही वादकारियों के हित में दोनों बार एसोसिएशन द्वारा एक प्रस्ताव पारित किया है। जिला जज से अनुरोध किया गया है कि भीषण ठंड को देखते हुए दोनों बार एसोसिएशन द्वारा पारित प्रस्ताव को अपने समस्त अधीनस्थ न्यायिक अधिकारियों को सूचित करने का कष्ट करें।
रुपये लेकर भागने की आरोपी कंपनी के छह पर केस
रुपये दोगुना करने का झांसा देकर आमजन से निवेश कराने वाली कंपनी एलयूसीसी द लोनी अर्बन मल्टीस्टेट क्रेडिट थ्रिफ्ट को-ऑपरेशन सोसाइटी के छह लोगों के खिलाफ सिगरा थाने में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई अदालत के आदेश चोलापुर थाने के धरसौना निवासी कंपनी के एजेंट वीरेंद्र कुमार यादव के प्रार्थना पत्र पर की गई है।
अब तक इस कंपनी के खिलाफ सिगरा और कैंट थाने में कई मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। वीरेंद्र की तहरीर पर शबाब हुसैन, सानिया अग्रवाल, संजय मुदगल, आरके शेट्टी, अभय राय और नवी मुंबई के घंसौली निवासी समीर अग्रवाल के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन बेचने का आरोप, केस
मिर्जामुराद के डोमैला गांव निवासी सतीश चंद्र शुक्ल ने तीरथ कुमार पर फर्जी दस्तावेज बनाकर पुश्तैनी जमीन बेचने का आरोप लगाया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर सतीश चंद्र की तहरीर पर मिर्जामुराद थाने में तीरथ के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
डोमैला गांव निवासी सतीश चंद्र ने बताया कि उनके पिता वन विभाग में कर्मचारी थे। उनका निधन वर्ष 2005 में हुआ था। वर्ष 2019 में उनकी मां का भी निधन हो गया। उनके पिता द्वारा रखे गए नौकर तीरथ कुमार ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर खुद उनके पिता का छोटा बेटा बन गया।
पतंग काटने के विवाद में मारपीट, मामला दर्ज
रोहनिया के कुरहुआ गांव में पतंग काटने के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। राकेश ने रोहनिया थाने की पुलिस को बताया बीती शाम उनके घर के बच्चे गांव के बच्चों के साथ पतंग उड़ा रहे थे। पतंग काटने को लेकर बच्चों में विवाद हुआ और फिर मारपीट हुई। इसे लेकर चंद्रमा पांडेय, बसंतू पांडेय, टाइगर पांडेय और रोशन पांडेय गालीगलौज करने लगे।
युवक की पिटाई के मामले में तीन पर मुकदमा
चितईपुर थाना क्षेत्र में शिव जी सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट के मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वीर नगर गौतम नगर काॅलोनी निवासी शिव जी सिंह ने बताया कि बच्चे लाल, आनंद शर्मा सनी और एक अज्ञात ने पिटाई की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामनगर पीएसी में 200 आरक्षियों के लिए बैरक तैयार
रामनगर कस्बा स्थित 36वीं वाहिनी पीएसी के परिसर में 200 आरक्षियों की क्षमता वाली बहुमंजिला इमारत (भूतल + 11 मंजिल) बनकर तैयार हो गई है। इसका शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नौ नवंबर 2020 को किया था। 1002.55 लाख रुपये की लागत से बनी यह बहुमंजिला इमारत लिफ्ट जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। इमारत के एक तल पर चार हाल अटैच्ड टॉयलेट और बाथरूम के साथ बनाए गए हैं। एक हाल में चार जवान रहेंगे। रामनगर पीएसी के अफसरों ने कहा कि जल्द ही नवनिर्मित बहुमंजिला इमारत का लोकार्पण किया जाएगा।
कचहरी से सर्किट हाउस तक हटवाए गए वाहन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के मद्देनजर पुलिस ने गोलघर कचहरी चौराहे से सर्किट हाउस तक अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को पुलिस क्रेन की मदद से पुलिस लाइंस ले गई। लाउड हेलर से पुलिस ने हिदायत दी कि सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े मिलेंगे तो कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सर्किट हाउस के अंदर खड़े आमजन के वाहनों को भी पुलिस ने बाहर कराया।
रामनगर में सांड़ के पटकने से युवक का हाथ टूटा
रामनगर में सांड़ के पटकने से बृहस्पतिवार को एक युवक का हाथ टूट गया। गोला घाट निवासी 32 वर्षीय मनोज कुमार मोदनवाल सड़क से जा रहे थे। इसी दौरान सांड़ ने उन्हें उठाकर पटक दिया। जिससे उनके बाएं हाथ की हडडी टूट गई। आनन फानन में लोगों ने उन्हें लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया।
मंदिर में हुई चोरी से नाराजगी
चौबेपुर के धौरहरा गांव स्थित मां काली मंदिर में हुई चोरी का खुलासा नहीं होने से नाराजगी है। इस मामले को लेकर बृहस्पतिवार को कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की। अपर जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात की और त्वरित कार्रवाई करने को कहा।
अखिलेश यादव के खिलाफ टिप्पणी तुच्छ मानसिकता
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाले पर अब तक कार्रवाई न होने पर पूर्व राज्यमंत्री और सपा प्रवक्ता मनोज राय धूपचंडी ने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी के अध्यक्ष के खिलाफ इस प्रकार का बयान देना तुच्छ मानसिकता को दर्शाता है।
इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। एक गलत टिप्पणी पर कार्रवाई का दंभ भरने वाली यूपी पुलिस और कमिश्नरेट पुलिस भी कुछ नहीं कर पा रही है। इससे राष्ट्रीय अध्यक्ष की सुरक्षा को भी खतरा हो सकता है। ट्वीट के एक दिन बीतने के बाद भी पुलिस मौन है। प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है।
मोहन भागवत की तस्वीर जलाई
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत द्वारा देश की आजादी को लेकर दिए गए बयान के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का काशी विद्यापीठ के गेट पर तस्वीर जलाई। इस दौरान उनकी पुलिस से नोकझोंक हुई। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ पांडेय, संदीप पाल, जिलाध्यक्ष शशांक शेखर सिंह मौजूद रहे।
बीएचयू में मजदूरों के मौलिक अधिकारों का संरक्षण करें डीएम
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने बीएचयू में काम करने वाले मजदूरों और उनके परिजनों के मौलिक अधिकारों और मानवाधिकारों की सुरक्षा के संबंध में जिलाधिकारी को निर्देश जारी किया है। निर्देश का पालन करने के लिए आठ सप्ताह का समय दिया गया है। यह निर्देश भी दिया है कि कार्रवाई की रिपोर्ट शिकायतकर्ता को भी सौंपी जाए।
इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता डॉ. गजेंद्र सिंह यादव ने आयोग में शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार बीएचयू परिसर में प्रतिवर्ष किसी न किसी इमारत का निर्माण कार्य या मरम्मत का काम चलता रहता है। इसके लिए बीएचयू में बड़ी संख्या में दूरदराज से महिलाएं और पुरुष आकर मजदूरी करते हैं। ऐसे मजदूर अपने परिवार के साथ बीएचयू कैंपस में ही कई महीनों तक रहते हैं।
यहां मजदूरों के रहने के लिए केवल कुछ टिनशेड की व्यवस्था कर दी जाती है। उनमें न तो पानी की व्यवस्था होती है और न उचित खान-पान की। सर्दियों में टिनशेड में मजदूरों को ठंड लगती है और गर्मी में वह तपिश से जूझते हैं।
मजदूरों के बच्चों की शिक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में बच्चों के शिक्षा के मौलिक अधिकार और मजदूरों के गरिमापूर्ण जीवन के अधिकार का हनन हो रहा है। डॉ. गजेंद्र ने मांग की थी कि उनके बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए उचित कार्रवाई की जाए।
भट्ठा मालिकों ने सरकारी विभागों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया
ईंट निर्माता परिषद की साधारण सभा शिवपुर स्थित एक होटल में हुई। इसमें भट्ठा मालिकों ने सरकारी विभागों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। अध्यक्ष कमला कांत पांडेय ने कहा कि ईंट भट्ठा मालिकों की परेशानी उच्च अधिकारियों पहुंचाई जा रही है। वहीं संस्था के कोषाध्यक्ष सीताराम यादव काे बनाया गया। वहीं, कार्यसमिति का सदस्य लक्ष्य आडवानी को चुना गया।
कार्यवाहक कुलपति को ज्ञापन साैंपने जाते छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
परीक्षा नियंता से मिले छात्र, उठाईं समस्याएं
बीएचयू में सीयूईटी पीजी में दाखिले के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को कोर्स का चयन करते समय बीएचयू का विकल्प नहीं दिखाई दे रहा है। बृहस्पतिवार को छात्रों ने परीक्षा नियंता से मिलकर अपनी समस्याएं बताईं और जल्द समाधान करवाने को कहा।
परीक्षा नियंता प्रो. सुषमा घिल्डियाल से बातचीत में छात्रों ने बताया कि सीयूईटी पीजी में कोर्स चयन के समय बीएचयू का विकल्प न दिखाई देने से परेशानी हो रही है। शोध प्रवेश नियमावली को लेकर भी समस्याएं हो रही हैं। यह भी मांग की कि रेट श्रेणी में पात्र अभ्यर्थियों को अवसर दिया जाना चाहिए। जून 2024 के परसेंटाइल स्कोर का 50 प्रतिशत और साक्षात्कार के 50 अंक जोड़कर अंतिम चयन सूची जारी करने की जरूरत है।
अभय प्रताप सिंह ने शोध नियमावली में संशोधन को जरूरी बताया। विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष प्रशांत राय ने आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग रखी। परीक्षा नियंता ने समाधान का आश्वासन दिया। भाष्करादित्य त्रिपाठी ने कहा कि निर्धारित अर्हता रखने वाले छात्रों को भी अवसर नहीं मिल पा रहा है।
विभागाध्यक्ष-प्रोफेसर ने की एक दूसरे की शिकायत
आईएमएस बीएचयू में आयुर्वेद संकाय के रसशास्त्र विभाग में विभागाध्यक्ष ने अपने ही विभाग के दो प्रोफेसरों की शिकायत बीएचयू कुलपति, महिला आयोग से कर जांच की मांग की है। इस मामले में 17 जनवरी को एलडी गेस्ट हाउस में विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति ने विभागाध्यक्ष प्रो. नम्रता जोशी को शिकायतों से जुड़े साक्ष्य लेकर पक्ष रखने को बुलाया है।
इस बीच विभाग के प्रो. आनंद चौधरी ने महिला आयोग को एक शिकायत कर विभागाध्यक्ष पर अधिकांश विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के उत्पीड़न का आरोप लगाया है। प्रो. चौधरी ने शिकायत की जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को भी दी है। बताया कि विभागाध्यक्ष की ओर से जानबूझकर शिक्षकों, छात्रों सहित अन्य लोगों को परेशान किया जा रहा है। उधर, विभागाध्यक्ष ने प्रोफेसर की शिकायत को आधारहीन बताते हुए न्याय की गुहार जारी रखने को कहा है।
मानापुर में किसान अधिकार सम्मेलन 19 को
मानापुर में 19 जनवरी को किसान सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। किसान नेता संतोष पटेल और आशीष पटेल ने बताया कि किसानों की समस्याओं और मांगों को लेकर यह सम्मेलन किया जा रहा है। सुबह 11 बजे से सम्मेलन की शुरुआत होगी और तहसील की कई ग्राम पंचायतों के किसान इसमें शामिल होंगे।
वीडीए सचिव ने कर्मचारी संघ को दिलाई शपथ
वीडीए सभागार में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। वीडीए सचिव डॉॅ. वेद प्रकाश मिश्रा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को ईमानदारी से कार्य करने की शपथ दिलाई। अनिरुद्ध पांडेय को अध्यक्ष, सुशील कुमार उपाध्याय को महामंत्री, विजय कुमार मिश्रा को कार्यवाहक अध्यक्ष, राजेंद्र प्रसाद यादव को उपाध्यक्ष, अनिल कुमार को कोषाध्यक्ष, गायत्री देवी को संयुक्त मंत्री, शिवपूजन मिश्रा को संगठन मंत्री, राजेश कुमार शर्मा को प्रचार मंत्री की जिम्मेदारी दी गई।
सफाईकर्मियों ने नगर निगम में किया प्रदर्शन
कज्जाकपुरा के सफाई बस्ती के सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम में बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव को ज्ञापन देकर आवास मुहैया कराने की मांग की। कहा कि जब तक मामला अदालत में है तब तक नोटिस चस्पा कर मानसिक प्रताड़ना बंद की जाए। पीड़ितों को पक्का स्थायी आवास दिलाया जाए। प्रदर्शन करने वालों में ओमप्रकाश सिंह, चंद्रशेखर आजाद, बबलू चौधरी, अनूप श्रमिक आदि शामिल रहे।
जनाबे जैनब की शहादत पर हुईं मजलिसें
इमाम हुसैन की बहन और करबला के पैगाम को सारी दुनिया तक पहुंचाने वाली जनाबे जैनब की शहादत का गम बृहस्पतिवार को मनाया गया। शहरभर में मजलिसें हुईं और उनकी शहादत का जिक्र हुआ। दरगाहे फातमान में मजलिस को हाजी फरमान हैदर खिताब किया। उन्होंने कहा कि जनाबे जैनब ने यह पैगाम दिया कि जुल्म कहीं भी हो रहा हो उसके खिलाफ आवाज उठाओ।
नौहा और मातम शब्बीर हुसैन, हैदर मौलाई, शाहिद हुसैन आदि ने किया। शायर समर बनारसी, तफसीर जौनपुरी, इमरान बनारसी आदि ने कलाम पेश किया। काली महल में मजलिस को मो. अकील हुसैनी, दालमंडी स्थित मस्जिद मीर नादे अली में मौलाना तौसीफ हुसैन ने खिताब किया। दालमंडी, नई सड़क, लल्लापुरा, अर्दली बाजार, शिवपुर, नक्की घाट, दोषीपुरा, रामनगर आदि इलाकों में मजलिसें हुईं।
मोहनी गुडटाइम चाय के पैक पर स्टील की चम्मच मुफ्त
मोहनी टी के मोहनी गुडटाइम चाय के पैक पर स्टील की चम्मच मुफ्त दी जा रही है। कंपनी के डायरेक्टर मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि पैक की खरीदारी के लिए ग्राहक रुचि दिखा रहे हैं। इससे बाजार में मोहनी गुडटाइम चाय की डिमांड बढ़ गई है। मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि मोहनी चाय की पैकेजिंग आधुनिक मशीनों से की जाती है ताकि ताजगी, स्वाद और खुशबू चाय के हर प्याले में मिलती रहे। कंपनी के सेल्स प्रमुख अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि मोहनी गुडटाइम चाय गृहणियों की पहली पसंद बन गई है। कंपनी का उद्देश्य ग्राहकों को उचित दाम में उम्दा क्वालिटी की चाय देना है।
महाकुंभ में इंडियन ओवरसीज बैंक की शाखा का शुभारंभ
इंडियन ओवरसीज बैंक की प्रयागराज विस्तार शाखा का शुभारंभ महाकुंभ मेला क्षेत्र के सेक्टर-2 में बुधवार को बैंक के कार्यपालक निदेशक जॉयदीप दत्ता रॉय ने किया। उन्होंने कहा कि यह शाखा मेले में आए हुए श्रद्धालुओं को मूलभूत बैंकिंग की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए तत्पर है।
यहां काउंटर और एटीएम से नकदी निकासी, जमा, डिजिटल तकनीक से खाता खोलने, फॉरेन एक्सचेंज की सुविधाएं सहित सरकारी योजनाओं व बैंकिंग की जानकारी मिलेगी। अध्यक्षता वाराणसी क्षेत्र के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक रजनीश कुमार गौरव ने की। इस दौरान मुख्य प्रबंधक सुभोजित घोष, वरिष्ठ प्रबंधक रतन कुमार, शुभ्रा सिंह, क्षेत्रीय कार्यालय से राहुल कुमार, सौरभ सुमन, पंकज कुमार आदि उपस्थित रहे।
एपेक्स हॉस्पिटल में ट्रॉमा आईसीयू का 24वां स्थापना दिवस मनाया
एपेक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में ट्रॉमा आईसीयू का 24वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ सर्जन प्रो. आनंद कुमार, हॉस्पिटल निदेशक डॉ. अंकिता पटेल, डीएमएस डॉ. अनुपमा सिंह, डॉ. आशीष श्रीवास्तव, डॉ. मनमोहन श्याम, डॉ. मुकेश गुप्ता, सर्जन डॉ. सर्वना कुमार, नर्सिंग सुपरिटेंडेंट पुष्पा देवी, डिप्टी मैट्रन पूजा आदि ने केक काटा। हॉस्पिटल के चेयरमैन वरिष्ठ स्पाइन एवं ऑर्थो सर्जन प्रो. एसके सिंह ने बताया कि हॉस्पिटल में कार्डियोग्राम, पॉइंट ऑफ सर्विस, अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, डायलिसिस, सीआरआरटी, एंडोस्कोपी, हॉल्टर मॉनिटरिंग आदि सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
फोटोग्राफी में विज्ञान संस्थान के शिवांश मणि त्रिपाठी ने जीता पहला पुरस्कार
बीएचयू में राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में फोटोग्राफी प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें दृश्य कला, विज्ञान संस्थान समेत कई संकायों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इसमें विज्ञान संस्थान के शिवांश मणि त्रिपाठी की फोटो ने पहला पुरस्कार जीता। बीएचयू के वेलबीइंग सर्विसेज सेल और आब्सक्युरा- द फोटोग्राफी आर्ट क्लब की ओर से दृश्य कला संकाय के अहिवासी कला वीथिका में प्रदर्शनी लगाई गई।
मुख्य अतिथि पर्यावरण एवं धारणीय विकास संस्थान के निदेशक प्रो. एएस रघुवंशी, एसोसिएट डीन ऑफ स्टूडेंट्स डॉ. निशात अफरोज, और दृश्य कला संकाय प्रमुख डॉ. उत्तमा दीक्षित ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसमें विज्ञान संस्थान के शिवांश मणि त्रिपाठी को पहला, दृश्य कला संकाय के रितेश रॉयकवार को दूसरा, सामाजिक विज्ञान संकाय से कपिलदेव मुंडा को तीसरा स्थान मिला।
क्लब के समन्वयक प्रो. मनीष अरोरा और कृष्णा सिंह निर्णायक रहे। प्रभाक्स बक्स रॉय और आस्था तिवारी ने सांत्वना पुरस्कार जीता। संचालन संदीप साहनी ने किया। कार्यक्रम में डॉ. महेश सिंह, सुरेश कुमार, डॉ. किरण गुप्ता, डॉ. जसमिन्दर कौर, डॉ. आशीष कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।
सूक्ष्म और लघु उद्यमों की सरकारी खरीद में भागीदारी को बढ़ावा देना जरूरी
एमएसएमई की ओर से चांदपुर स्थित औद्योगिक आस्थान में दो दिवसीय विक्रेता विकास कार्यक्रम और औद्योगिक प्रदर्शनी में नवाचार की झलक देखने को मिली। मुख्य अतिथि कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कार्यक्रम का उद्घाटन कर प्रदर्शनी में लगे स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से सूक्ष्म और लघु उद्यमों की सरकारी खरीद में भागीदारी को बढ़ावा देने की पहल की गई है।
उन्होंने उद्यमियों को दूसरे सिपाही की संज्ञा दी। उन्होंने राष्ट्र प्रथम के भाव के साथ सभी उद्यमियों को देश हित में कार्य करने का आवाहन किया। संयुक्त निदेशक एमएसएमई एलबीएस यादव ने एमएसएमई मंत्रालय की योजनाओं और उद्यम रजिस्ट्रेशन के बारे में बताया। कहा कि कार्यक्रम में बीएचईएल, एचएएल, एनटीपीसी, एनसीएल प्रतिभाग कर रहे हैं।
इस दौरान बरेका, बिजली निगम, एलआईसी के साथ साथ शहर से लेकर गांव तक के उद्यमियों ने अपने उद्यम से जुड़े स्टॉलों के माध्यम से विकास की झलक प्रस्तुत की। सहायक निदेशक वीके राणा और राजेश चौधरी ने कार्यक्रम को उद्यमिता विकास के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में उद्यमी आरके चौधरी, नीरज पारिख, नवीन कपूर, राजेश सिंह, पीयूष अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
प्रधान ने गरीबों को दिए एक हजार कंबल
सूबेदार सिंह सेवा ट्रस्ट बर्थरा कलां चौबेपुर के तत्वाधान में समाजसेवी स्वर्गीय सूबेदार सिंह की जयंती पर ग्राम प्रधान ने कंबल दिए। ग्राम प्रधान अमित कुमार सिंह ने कहा कि स्व. सूबेदार सिंह की प्रेरणा से हर साल लोगों की सेवा करने का मौका मिलता है।
बताया कि ट्रस्ट 15 वर्षों से गरीब बच्चों की पढ़ाई, दवा, निर्धन लोगों के लिए मकान, कंबल वितरण जैसे तमाम सहायता कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में नागेंद्र सिंह, दयाशंकर सिंह, हवलदार सिंह, शरद सिंह, मनप्रीत सिंह आदि शामिल रहे।
ओमप्रकाश शर्मा को दी गई श्रद्धांजलि
नई सड़क स्थित शिक्षक भवन में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से जिलाध्यक्ष सरफुद्दीन की अध्यक्षता में श्रद्धांजलि सभा हुई। 16 जनवरी 2021 को संघ के अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा को श्रद्धांजलि दी। सभा में संगठन मंत्री शिवेंद्र कुमार दुबे, मंडलीय अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, निवर्तमान जिलाध्यक्ष गिरिजेश तिवारी, कोषाध्यक्ष कमलेश कुमार, वंश बहादुर सिंह, विनोद शंकर पांडे, अखिलेश कुमार पांडे मौजूद रहे।
मैन पावर की कमी को दूर करने की मांग
एनई रेलवे मेंस कांग्रेस ने संरक्षित रेल परिचालन को लेकर कार्यकर्ता सम्मान समारोह और पेंशन जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें रेल कर्मचारी और सहयोगी संगठन व रेलवे के कई एसोसिएशन के पदाधिकारी शामिल हुए।
अध्यक्षता करते हुए एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के केंद्रीय अध्यक्ष अखिलेश पांडेय ने कहा कि रेलवे में मैन पावर की कमी के कारण रेल कर्मियों को ओवर टाइम और बारह-बारह घंटे की अमानवीय ड्यूटी करने को बाध्य किया जा रहा है। उन्होंने रेल प्रशासन से सभी रिक्त पदों पर भर्ती करें। इस दौरान मिथिलेश भारती, रजनीश तिवारी, बलबीर सिंह सच्चान, प्रदीप श्रीवास्तव, विजय नाथ ठाकुर आदि मौजूद रहे।
अल्ट्रासाउंड जांच न होने से मरीजों को परेशानी
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में गुरुवार को ओपीडी में आने वाले मरीजों को अल्ट्रासाउंड कराने के लिए परेशान होना पड़ा। यहां तकनीकी खामियों की वजह से मशीन नहीं चल सकी। कुछ मरीजों को डॉक्टरों ने दूसरे सरकारी अस्पताल में जाकर जांच कराने की सलाह दी। कुछ मरीज बिना जांच के ही लौट गए। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. दिग्विजय सिंह का कहना है कि जांच के दौरान यूपीएस खराब हो गया था। शाम को उसे बनवा लिया गया। जिन मरीजों को जांच लिखी गई थी, उन्हें मंडलीय अस्पताल में जांच करवाने को कहा गया था।
होमियोपैथिक से वायरल का इलाज संभव
आइडियल होमियोपैथिक वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के चिकित्सकों की संगठन की जिला सचिव डॉ. अर्पिता चटर्जी के करौंदी स्थित क्लीनिक में बैठक हुई। नए वायरस एचएमपीवी के विषय पर चर्चा हुई। मुख्य अतिथि डॉ. जेएन सिंह रहे। डॉक्टरों ने कहा कि होमियोपैथिक चिकित्सा पद्धति से संचारी और वायरल प्रभावों का निराकरण और बचाव संभव है।
विभिन्न दवाओं जैसे डलकामारा, आर्सेनिक, जेल्सेमीयम, ब्रायोनिया, सीपिया और अन्य दवाओं की क्रियाशीलता पर भी चर्चा की गई। संगठन के वरिष्ठ सदस्य डॉ. आर.सी श्रीवास्तव ने बताया कि संगठन के दो दशक के अथक प्रयासों के बाद जिले में होमियोपैथिक मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू हुआ। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जेएन सिंह रघुवंशी, डॉ.वी शंकर, डॉ.सर्वेश चौबे, डॉ.शैलेंद्र पांडेय, डॉ. डी.के पटेल उपस्थित रहे।
रक्षा संपदा की जमीन पर वीडीए निगम से पास कराना होगा नक्शा
रक्षा संपदा की 160 एकड़ जमीन पर वीडीए और नगर निगम दोनों से नक्शा पास कराना अनिवार्य किया गया है। बगैर नक्शा पास कराए निर्माण कराने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए वीडीए और नगर निगम में प्रारूप तैयार कर लिया गया है। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार यह जमीन इंट्रा म्यूनिसिपल नजूल श्रेणी में आता है। यह जमीन नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में है।
मानचित्र स्वीकृत करने से पहले मालिक को रक्षा मंत्रालय और नगर निगम से एनओसी लेना अनिवार्य किया गया है। नगर निगम और वीडीए के पास विधिक कार्रवाई का अधिकार है। यहां होने वाले अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई नगर निगम करेगा। इसके अलावा यदि कोई अवैध निर्माण होता है तो वीडीए उस पर कार्रवाई कर सकता है। इसके लिए मंडलायुक्त की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने वीडीए और नगर निगम को अधिकार दिए हैं।
दो किमी मांस प्रतिबंधित क्षेत्र का डिमार्केशन करेगा राजस्व विभाग
विश्वनाथ मंदिर से दो किमी दायरे में मांस प्रतिबंधित क्षेत्र का डिमार्केशन नगर निगम का राजस्व विभाग करेगा। इसके लिए पशु चिकित्सा विभाग की ओर से राजस्व विभाग को पत्र भेजा गया है। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष पाल ने बताया कि पहले भी मांस कारोबारियों को नोटिस दिया गया था। 26 मांस कारोबारियों पर एफआईआर दर्ज कराई गई। इसके अलावा मंदिर से दो किलोमीटर के दायरे में मांस की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है।
इस दौरान मांस कारोबारियों ने दो किमी दायरे के बारे में जानकारी मांगी। जिस पर राजस्व विभाग को मंदिर से दो किमी दायरे का डिमार्केशन कराने के लिए पत्र दिया गया है। उनकी ओर से डिमार्केशन के बोर्ड लगवाए जाएंगे। इस परिधि के भीतर मांस की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध होगा। इस परिधि के बाहर ही लोग मांस का कारोबार कर सकेंगे।
लॉर्ड विश्वेश्वर : पक्षकार बनने के मामले में नहीं आया आदेश
सिविल जज सीनियर डिविजन (फास्ट ट्रैक) युगल शंभू की कोर्ट ने वर्ष 1991 के लॉर्ड विश्वेश्वर के केस में योगेंद्र नाथ व्यास के पक्षकार बनाए जाने की अर्जी पर गुरुवार की देर शाम तक आदेश नहीं सुनाया। ऐसे में अदालत का आदेश शुक्रवार को आने की संभावना जताई गई है। प्रकरण के अनुसार वर्ष 1991 में लॉर्ड विश्वेश्वरनाथ का केस दाखिल करने वाले पंडित सोमनाथ व्यास के निधन के बाद उनके भतीजे योगेंद्र नाथ व्यास ने कोर्ट में अर्जी दाखिल की।
उन्होंने कोर्ट से अनुरोध किया है कि उन्हें मुकदमे में पक्षकार बनाया जाए। वहीं, लॉर्ड विश्वेश्वर के वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी ने योगेंद्र नाथ व्यास की अर्जी का विरोध करते हुए उसे खारिज करने का अनुरोध किया है। दोनों पक्ष की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अपना आदेश सुरक्षित रखा है।
रवींद्रपुरी सड़क का काम समय से कराएं नहीं तो होगी कार्रवाई
रवींद्रपुरी में सीवर और सड़क निर्माण का मामला नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना तक पहुंच गया है। उन्होंने पत्र लिखकर जल निगम को हिदायत दी है कि काम को जल्द से जल्द बेहतर तरीके से पूरा कराएं। यदि ऐसा नहीं होता है तो संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई होगी और ठेकेदार पर अर्थदंड लगाया जाएगा।
पिछले दिनों रवींद्रपुरी कल्याण समिति के लोगों ने उनसे मुलाकात कर क्षेत्र की समस्या के बारे में बताया था। लोगों ने कहा था कि जुलाई 2024 में काम शुरू किया गया है। यहां पर सीवर पाइप लाइन डाली जा रही है। बगैर मुख्य लाइन डाले ब्रांच लाइनों का काम शुरू कर दिया गया है। इससे क्षेत्र में समस्या उत्पन्न हो रही है। आए दिन सीवर ओवरफ्लो और धूल की समस्या है। नगर विकास मंत्री ने तीन शिफ्टों में काम लगाने की हिदायत जल निगम के अधिकारियों को दी है। यहां पर सीवर पाइप लाइन डालने की जिम्मेदारी जलकल को दी गई थी।
अवैध निर्माण पर दर्ज होगा परिवाद
वीडीए के उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बृहस्पतिवार को वीडीए में परिवाद दाखिल की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम में यह प्रावधान है कि यदि कोई व्यक्ति प्राधिकरण से बिना मानचित्र स्वीकृत कराए अथवा स्वीकृत मानचित्र से इतर निर्माण करता है तो सीजीएम कोर्ट में उसके विरुद्ध परिवाद दाखिल किया जा सकता है।
विद्यापीठ के डाॅ. नीरज को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार
काशी विद्यापीठ के अंग्रेजी विभाग के शिक्षक डॉ. नीरज सोनकर को डॉ. अंबेडकर फेलोशिप राष्ट्रीय पुरस्कार-2024 मिला है। पुरस्कार भारतीय दलित साहित्य अकादमी की ओर से देश के दलित-उत्पीड़ित और वंचित लोगों के उत्थान के लिए दिया गया। काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने बधाई दी है।
बीएचयू में तकनीकी कौशल की दी गई जानकारी
बीएचयू में कर्मचारियों के लिए कार्यशाला में तकनीकी दक्षता से जुड़ी जानकारी दी गई। इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के निदेशक प्रो.आशीष बाजपेयी ने कहा कि विकास के लिए तकनीकी कौशल की जानकारी होना बहुत जरूरी है। इससे कार्यस्थल की गतिशीलता बेहतर होती है।
अलग-अलग सत्र में प्रतिभागियों को शिष्टाचार, स्पष्ट उद्देश्य और प्रभावी संचार के महत्व को बताया गया। सहायक कुलसचिव राजकुमार सोनी ने पढ़ाई की आदत की परिवर्तनकारी शक्ति पर कहा कि पढ़ने वाले नेतृत्व करते हैं और नेतृत्व करने वाले पढ़ते हैं।
अंग्रेजी को बाेलचाल की भाषा बनाने की जरूरत
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के अंग्रेजी विषय के शिक्षकों की संगोष्ठी हुई। इसमें अंग्रेजी विषय को पढ़ाने और गुणवत्ता में सुधार लाने पर चर्चा हुई। डॉ. अमित कुमार दुबे ने कहा कि माध्यमिक शिक्षकों को अंग्रेजी विषय को लेकर सजग होना जरूरी हैं। छात्रों के साथ बोलचाल की भाषा में अंग्रेजी को शामिल करने की जरूरत है। संगोष्ठी का उद्घाटन प्राचार्य उमेश कुमार शुक्ला ने किया। इस दौरान विकास त्रिपाठी, राहुल पाठक मौजूद रहे।
स्टार्टअप से जुड़े समाधान के लिए नवाचार जरूरी
राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस पर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में हर प्रसाद गुप्त इन्क्यूबेशन फाउंडेशन के कार्यक्रम में निदेशक प्रो. मोहम्मद आरिफ ने विद्यार्थियों को स्टार्टअप के लिए प्रोत्साहित किया। संदीप कुमार व सर्वेंद्र कुमार खरवार ने विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान किया।
बीएचयू के अटल इन्क्यूबेशन सेंटर में मुख्य अतिथि उद्यमी ओमप्रकाश कश्यप, रामगोपाल सिंह ने कहा कि युवाओं को जॉब देने वाला बनाना है न कि जॉब करने वाला। सेंटर में प्रदर्शनी भी लगाई गई। स्टार्टअप पिच के विजेता मृत्युंजय सिंह और अमित राय को सम्मानित किया गया।
20 तक छात्रवृत्ति का 100 फीसदी डेटा तैयार करें
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में छात्रवृत्ति को लेकर शिक्षण संस्थानों की बैठक हुई। बैठक में नौवीं और दसवीं के छात्रवृत्ति की समीक्षा हुई। सीडीओ ने 20 जनवरी तक शत प्रतिशत डेटा तैयार करने को कहा। कहा कि जो शिक्षण संस्थान समय से डेटा नहीं देंगे उनकी 23 जनवरी को जूम के माध्यम से की जाएगी। छात्रों का डेटा बायोमेट्रिक के बिना शिक्षण संस्थानों की ओर से नहीं जारी किया जा सकेगा।
मैथमेटिक्स ओलंपियाड में शिवांश ने जीता रजत
मैथमेटिक्स ओलंपियाड में जैतपुरा के रहने वाले कक्षा दो के शिवांश जायसवाल ने शीर्ष रैंक हासिल कर रजत पदक जीता है। पिता डॉ. अमित कुमार वर्मा ने बताया कि साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन (एसओएफ) की ओर से इंटरनेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड हुआ। बेटा पड़ाव के जयपुरिया स्कूल के कक्षा दो में पढ़ता है। फाउंडेशन की ओर से अक्तूबर में परीक्षा हुई थी।
जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा कल
गजोखर के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए 18 जनवरी को जिले के 19 केंद्रों पर परीक्षा होगी। प्राचार्य डॉ. नागेंद्र मिश्रा ने बताया कि इस बार कक्षा 6 में प्रवेश के लिए शनिवार को सुबह साढ़े 11 बजे से डेढ़ बजे तक जिले के 19 केंद्रों पर परीक्षा होगी। परीक्षा में 100 सीटों पर प्रवेश के लिए 7787 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सभी परीक्षा केंद्र पर नोडल अधिकारी की तैनाती की गई है। सभी परीक्षार्थी नवोदय विद्यालय की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इससे उनका समय भी बचेगा।