सिगरेट नहीं लाने पर मनबढ़ों ने युवक को पीटा
कोतवाली थाना क्षेत्र के सप्तसागर दवा मंडी में रविवार की रात मनबढ़ों ने सिगरेट नहीं लाने पर युवक की पिटाई कर दी। सीसी कैमरे में कैट घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सप्तसागर निवासी अनोज भारती ने बताया कि उसका भांजा प्रीतेश कुमार रात में फिल्म देखकर लौट रहा था।
मंडी के अंदर मनबढ़ों ने उसे रोका और सिगरेट लाने के लिए कहा, जिस पर वह मैदागिन चौराहे तक गया और सिगरेट नहीं मिली तो मनबढ़ों ने उसकी पिटाई कर दी। आरोपियों में अभी यादव, बच्चू यादव, मनोज यादव, रोहित और अज्ञात है। कोतवाली पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
चोरी के आरोपी को आरपीएफ ने किया गिरफ्तार
मिक्स रैक से टोटी, फ्लैश वाल्ब चोरी मामले में आरपीएफ ने सोमवार को आरोपी को कैंट स्टेशन स्थित यार्ड से गिरफ्तार किया। कब्जे से चोरी का माल बरामद हुआ है। आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान लोहता निवासी राजेश धरीकार के रूप में हुई है।
पुलिस पर फायरिंग मामले में दोषी को 12 साल की सजा
विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट तृतीय) विनोद कुमार की अदालत ने पुलिस पर फायरिंग मामले में आरोपी हाजी शेख को दोषी पाते हुए चार साल की सजा सुनाई है। साथ ही कोर्ट ने आरोपी पर 12 हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार तीन अगस्त 2009 को सिगरा पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश चोरी का माल लेकर लहरतारा पुल के पास छिपे हुए हैं। इस सूचना पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों की ओर से फायरिंग हुई। बाद में हाजी शेख समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अन्य आरोपी की पत्रावली अलग है।
स्कूल संचालक के फॉर्म हाउस में चोरी
शिवपुर थाना क्षेत्र के लोढ़ान स्थित हर्बल फाॅर्म हाउस में चोरी हो गई। चहारदीवारी फांदकर अंदर घुसे चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर दस हजार नकदी, 50 किलो से अधिक अनाज समेत अन्य घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। एक कॉलेज के चेयरमैन डाॅ. एके सिंह का लोढ़ान में हर्बल फाॅर्म हाउस है। इसमें वाहन चालक अपने परिवार के साथ रहता है। होली पर दोनों अपने गांव गए थे। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया की सीसी कैमरों के आधार पर जांच की जा रही है।
यात्री से छिनैती में ऑटो चालक समेत तीन गिरफ्तार
चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर पर यात्री से छिनैती मामले में ऑटो चालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सोमवार को सभी को जेल भेज दिया गया। सिगरा थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की पहचान पांडेयपुर निवासी राहुल लुधवानी, गाजीपुर गहमर के हिमांशु राय और सारनाथ के पहड़िया निवासी विश्वजीत चक्रवर्ती के रूप में हुई है। सभी को रोडवेज क्षेत्र स्थित रेलवे लाइन के समीप से गिरफ्तार किया गया। पीड़ित भेलूपुर स्थित सरायनंदन खोजवा निवासी राजेंद्र प्रसाद चौरसिया ने आतंकित कर दस हजार रुपये, मोबाइल फोन, बैग छीनने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था।
पुरानी रंजिश में मारपीट, नौ के खिलाफ केस दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के मदरवा में सूरज साहनी को मारपीट घायल कर दिया गया। पड़ोसी दंपती समेत नौ के खिलाफ लंका थाने में केस दर्ज किया गया। सूरज का आरोप है कि दंपती अनिल के परिजनों में संतोष, राजू, अमिताभ, आदर्श, आंचल, अनामिका, रुकमिना सभी ने पिटाई की। धमकी दी कि मुकदमा वापस नहीं लिया तो अंजाम बुरा होगा। पुरानी रंजिश को लेकर वर्ष 2016-17 में केस दर्ज हुआ था।
मारपीट में महिला घायल, मुकदमा दर्ज
भेलखा जयपट्टी गांव में मनबढ़ों की पिटाई से महिला घायल हो गई। पीड़िता विमला देवी का आरोप है कि 13 मार्च की रात गांव में ही किराये पर रहने वाले बल्ली, विशाल, गौतम और प्रदीप ने मारपीट की। पुलिस ने केस दर्ज किया है। उधर, बड़ागांव थाना क्षेत्र के अनेई गांव में युवक की पिटाई मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। पीड़ित रितेश कुमार शुक्ला ने बताया कि आदर्श शुक्ला, शिवांक शुक्ला, ऋषभ शुक्ला, सचिन शुक्ला, अरविंद शुक्ला और अमित शुक्ला ने लाठी-डंडे और पत्थर से हमला किया।
मारपीट का आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
रामनगर क्षेत्र स्थित साहित्यनाका तिराहे पर अभिषेक जायसवाल के साथ मारपीट मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी रिशु सिंह को गिरफ्तार किया। सोमवार को पीएसी तिराहे के पास से गिरफ्तार रिशु को कोर्ट ने जेल भेज दिया।
बीते दिनों साहित्यनाका मोड़ पर गाड़ियों की पार्किंग को लेकर हुई मारपीट में अभिषेक जायसवाल को सिर में चोट लगी थी। थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सगरा रामपुर निवासी रिशु सिंह के रूप में हुई है।
24 घंटे के अंदर अपहृता बरामद, आरोपी गिरफ्तार
चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव से किशारी को अगवा मामले में आरोपी को पुलिस ने रविवार की रात कैंट से गिरफ्तार किया। वहीं, 24 घंटे के अंदर किशोरी को पुलिस ने बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोईलो निवासी सुजीत कुमार के रूप में हुई है। वहीं, दूसरा आरोपी मुन्ना की तलाश में दबिश दी जा रही है।
बिना ओटीपी शेयर किए खाते से निकला 4.60 लाख
कचहरिया जयापुर निवासी विक्रम के दो बैंक खातों से चार लाख 60000 हजार रुपये की साइबर ठगी हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित विक्रम ने बताया कि दो बैंक खातों से 4.60 लाख की धोखाधड़ी हुई। जबकि एक खाते में 200000 जमा भी कराए गए। इसी खाते से 10 हजार रुपये निकासी हुआ।
बैंक में शिकायत के बाद खाते का संचालन रोका गया, जिससे 190000 बच गया। विक्रम ने बताया कि उनका दो बैंक खाता केनरा बैंक जयापुर में संचालित होता है। मोबाइल नंबर को दूसरे नंबर पर हैंग कर फॉरवर्ड कर दिया गया था। इनके मोबाइल नंबर पर ओटीपी आया लेकिन इन्होंने किसी को शेयर नहीं किया था फिर भी पैसा निकल गया।
संदिग्ध महिला को क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस को सौंपा
थाई बौद्ध मंदिर के पास पर्यटकों के साथ संदिग्ध हरकत पर एक महिला को लोगों ने पकड़ा और पुलिस को सौंपा। थाई बौद्ध मंदिर से विदेशी व भारतीय पर्यटक बाहर निकल रहे थे दो महिला पर्यटकों को परेशान करने लगी। इस हरकत को देख दोनों महिलाओं को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार लगभग एक पखवारे पूर्व एक पर्यटक का पर्स चोरी करते हुए दो महिलाएं पकड़ी गई थी।
बलुआ गंगा घाट पर नहाने आए वाराणसी के युवक की डूबने से मौत
पश्चिम वाहिनी बलुआ गंगा घाट पर स्नान करने वाराणसी से आए युवक की सोमवार की सुबह गंगा में डूबने से मौत हो गई। पुलिस की मौजूदगी में गोताखोरों की मदद से उसका शव बाहर निकाला गया। उसके कपड़ों में मिले कागजात के आधार पर उसकी पहचान की गई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
वाराणसी जिले के चौबेपुर थाने के बर्थरा कला गांव निवासी पवन गुप्ता (38) कार से बलुआ गंगा घाट पर स्नान करने आए थे। उन्होंने अपनी कार पुल के बगल में खड़ी की और घाट पर पहुंच गए। डोमाने गंगा तट पर पहुंच कर वे स्नान करने लगे। उसी बीच पैर फिसलने से वे गहरे पानी में चले गए। उनके शोर मचाने पर घाट पर मछली पकड़ रहे मल्लाहों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद गंगा में कूदकर पवन को बाहर निकाला। इस बीच पवन गुप्ता की गंगा में डूबने से मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बलुआ थाने पहुंचे पवन के पिता दशरथ, पत्नी पूजा, पुत्र शिवम, पुत्री प्राची रो-रोकर बेहाल रहे। पोस्टमार्टम के बाद सरसौल घाट वाराणसी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। बलुआ थानाध्यक्ष डॉ. आशीष मिश्रा ने बताया कि गंगा में स्नान के दौरान डूबने से एक युवक की मौत हो गई।
बकाया न जमा करने मलदहिया में दो दुकानें सील
सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव के नेतृत्व में मलदहिया स्थित नगर निगम की दो दुकानों को बकाए पर सील किया गया। नगर निगम के अनुसार दुकान का किराया जमा न करने पर सील की कार्रवाई की गई। उमेश कुमार के दुकान नंबर-23 पर 51508 रुपये बकाया था। इसी प्रकार राजेंद्र मोहन सिंह के दुकान नंबर-24 पर 73756 रुपये बकाया था। दोनों दुकानदारों को किराया जमा करने के लिए नोटिस दिया गया था। बावजूद इसके दुकानदारों ने किराया जमा नहीं कराया।
होली के दिन घर से लापता युवक का शव गंगा के सोता में मिला
होली के दिन से लापता युवक का शव सोमवार को गंगा नदी के सोता में गंगापुर के सामने मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। छितौनी निवासी रमेश राम (35) होली के दिन से ही घर से लापता था। परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। पुलिस को सूचना मिली कि सोता में शव मिला है। शव की पहचान पिता हरिराम ने की। थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने बताया कि युवक होली के दिन से लापता था। इसकी खोजबीन कराई जा रही थी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बिजली से जुड़ी समस्या का होगा समाधान
बिजली से जुड़ी समस्या का समाधान अब आसानी से हो सकेगा। भिखारीपुर स्थित कार्यालय में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक हर मंगलवार को प्रातः 10:00 से 12:00 बजे तक समस्या सुनेंगे। इसके साथ ही प्रत्येक खंड और मंडल स्तर पर अधिशासी अभियंता व अधीक्षण अभियंता प्रत्येक सोमवार को 10:00 से 12:00 बजे तक अपने कार्यालय में समस्या सुनकर समाधान करेंगे। ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सेंट्रल जेल में बंदी चलाएंगे कंप्यूटर, रिहा होने के बाद बनेंगे आत्मनिर्भर
शिवपुर स्थित सेंट्रल जेल में कैदियों को कंप्यूटर का प्रशिक्षण दिया जाएगा। ताकि जब वह रिहा हो तो आत्मनिर्भर और खुद का रोजगार शुरू कर सकें। सोमवार को पांच कंप्यूटर सेंट्रल जेल को मुहैया कराया गया। कंप्यूटर लैब का उद्घाटन कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने किया। मेकिंग द डिफरेन्स फाउंडेशन के अध्यक्ष दीपक मिश्र व सचिव प्रिंस चौबे ने कंप्यूटर भेंट किया।
वरिष्ठ अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने कहा कि वर्तमान समय में कंप्यूटर की उपयोगिता रोजगार के हर क्षेत्र में आवश्यक है। कंप्यूटर प्रशिक्षण से हर कोई अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकता है। कारागार की सदैव यहीं मंशा रही है कि कारागार में स्थापित उद्योगों एवं अन्य रोजगार परक प्रशिक्षण में ज्यादा से ज्यादा बंदी प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें।
साथ ही कौशल विकास मिशन की ओडीओपी व ओजेओपी योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त बंदियों को प्रमाण पत्र व टूल किट का भी वितरण किया गया। शुभारंभ के दौरान कारापाल वीरेंद्र कुमार वर्मा, उप कारापाल अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, किशन सिंह वाल्दिया, कारागार प्रशिक्षक आरके गुप्ता आदि रहे।
आज चार घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
शहर में सड़क निर्माण में बाधक बन रहे पोलों की शिफ्टिंग और पेड़ कटिंग संबंधित कार्य को लेकर मंगलवार को चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 33 केवी मैदागिन, दौलतपुर उपकेंद्रों पर सुबह 11 बजे से शाम के 3 बजे तक बिजली बाधित रहेगी। इसके चलते डीएवी कॉलेज, कबीर चौरा, अथका गांव, बजरंग नगर, संजय नगर के आस-पास का क्षेत्र प्रभावित रहेगा। इसके साथ ही 33 केवी करौदी सुबह 11 बजे से दोपहर के 1 बजे तक बिजली बाधित रहेगी। इसके चलते चितईपुर, करौदी, चंदन नगर के आस-पास का क्षेत्र प्रभावित रहेगा।
कुश्ती और जूडो की प्रादेशिक प्रतियोगिता में खेलेंगे काशी के तीन खिलाड़ी
प्रादेशिक कुश्ती और जूडो प्रतियोगिता कानपुर में खेली जाएगी। इसमें पिंडरा ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल रमईपट्टी के तीन खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पिंडरा के तीनों खिलाड़ी सोमवार शाम कानपुर रवाना हुए। स्टेट अवॉर्डी शिक्षक कमलेश कुमार पांडेय ने बताया कि सातवीं के शिवम यादव, प्रवेश यादव और राहुल यादव कुश्ती व जूडो में दम दिखाएंगे। खिलाड़ियों के साथ जिला व्यायाम शिक्षक राजेश दोहरी और ब्लॉक व्यायाम शिक्षक कैलाश यादव भी रवाना हुए। प्रादेशिक प्रतियोगिता 18 और 19 मार्च को होगी। खंड शिक्षा अधिकारी पिंडरा विनोद मिश्र ने सभी को शुभकामनाएं दी हैं।
गृह मंत्रालय के अधिकारी ने किया आईआईटी का निरीक्षण
गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग के उप निदेशक (राजभाषा) डॉ. छबिल कुमार मेहेर ने आईआईटी-बीएचयू का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की और राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर मंथन किया। डॉ. मेहेर ने संस्थान के कई अनुभागों का दौरा किया और हिंदी में कार्य करने को बढ़ावा देने के लिए कई सुझाव भी दिए।
निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने सम्मानित भी किया। कहा कि राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और सरकारी कार्यों में उपयोग को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। अंत में कुलसचिव राजन श्रीवास्तव ने धन्यवाद दिया। हिंदी अनुवादक शशांक पाठक भी मौजूद रहे।
प्रादेशिक कुश्ती प्रतियोगिता कराने के लिए करें आवेदन
उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ प्रदेश की जिला इकायों से प्रादेशिक कुश्ती प्रतियोगिता करने के लिए जिला इकाई से प्रादेशिक आवेदन मांगा है। यूपी कुश्ती संघ के महासचिव सुरेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि प्रदेश के जो भी जिले प्रादेशिक प्रतियोगिता कराना चाहते हैं तीन अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं।
30 मार्च तक पूरा करें काम
विकास भवन में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में कैच द रेन से संबंधित बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त खंड विकास अधिकारियों को 30 मार्च 2025 तक रूफटॉप, तालाब, चेक डैम, खेत तालाब, निष्प्रयोज हैंडपंप आदि कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य को 30 मार्च तक प्रत्येक दशा में पूरा करें। बैठक में उपायुक्त श्रम रोजगार, सहायक अभियंता लघु सिंचाई, जिला पंचायत राज अधिकारी, सहायक अभियंता भूगर्भ जल विभाग, समस्त खंड विकास अधिकारी एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
श्रीमद्देवीभागवत से देंगी कन्या भ्रूण हत्या रोकने का संदेश
कन्या भ्रूण हत्या रोकने और महिला सशक्तीकरण के लिए संगीतमय श्रीमद्देवीभागवत कथा का आयोजन होने जा रहा है। डाफी स्थित कमला आशीर्वाद वाटिका में 19 मार्च से साध्वी गीतांबा तीर्थ देवी भागवत कथा का श्रवण कराएंगी। कथा के पूर्व चौरा माता मंदिर से कथा स्थल तक कलश यात्रा निकलेगी।
साध्वी गीतांबा तीर्थ ने बताया कि श्रीमद्देवीभागवत के जरिये वह आम जनमानस को कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिए जागरूक करेंगी। कथा प्रतिदिन शाम चार से सात बजे तक होगी। सुबह सात से 12 बजे तक शतचंडी महायज्ञ भी होगा। कथा व यज्ञ का समापन 28 मार्च को हवन और भंडारे के साथ होगा।
हैदराबाद के प्रभु अपना घर आश्रम से गए घर
अपना घर आश्रम में चार महीने से रह रहे वृद्ध प्रभु की सोमवार को उनके परिवार से मुलाकात हुई। आश्रम में लगातार चिकित्सा सेवा के उपरांत उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ। डॉ. के निरंजन ने बताया कि वह हैदराबाद से विशाखापट्टनम अपने रिश्तेदार के यहां जाने के दौरान गुम हो गए थे।
याद्दाश्त कमजोर होने की वजह से वह वाराणसी पहुंच गए थे। परिजनों के खोजने पर भी उनका कोई पता नहीं चल पाया। आश्रम में आधार कैंप के बाद इन्हें डुप्लीकेट आधार कार्ड मिला। घरवालों को सूचना मिलने के बाद उनका बेटा उन्हें आश्रम से घर ले गया।
ओएचई लाइन पर फंसा कपड़ा, 20 मिनट खड़ी रही वंदे भारत
रेलवे की ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) लाइन पर मंगलवार की सुबह कपड़ा फंस गया। इस वजह से वाराणसी जाने वाली वंदे भारत 20 मिनट खड़ी रही। जानकारी पर रेलवे अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कपड़ा हटवाकर ट्रेन को रवाना कराया।
22436 नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस मंगलवार सुबह छह बजे नई दिल्ली से चली और 10:10 बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची। गेट नंबर- 82, खपरा मोहाल के पास तेज हवा में एक कपड़ा उड़कर आया और ओएचई लाइन पर फंस गया। इस वजह से ट्रेन खड़ी हो गई। करीब 20 मिनट देरी से ट्रेन 10:55 बजे वाराणसी के लिए रवाना हुई।
नैनी की वरिष्ठ जेल अधीक्षक करेंगी डिप्टी जेलर के मामले की जांच
जिला जेल चौकाघाट की डिप्टी जेलर मीना कन्नौजिया और जेल अधीक्षक आचार्य उमेश सिंह के मामले की जांच शुरू हो गई है। नैनी की वरिष्ठ जेल अधीक्षक अमिता दुबे समेत तीन सदस्यीय कमेटी सात दिन के अंदर अपनी जांच रिपोर्ट डीजी कारागार वीपी रामाशास्त्री को सौंपेगी। वहीं, इस प्रकरण की आंच शासन तक पहुंची है। फिलहाल मामले की जांच कमेटी ने शुरू कर दी है। दोनों के अलग-अलग बयान भी लिए जाएंगे। जेल में मातहतों के भी बयान दर्ज किए जा सकते हैं।
चौकाघाट जिला जेल के अधीक्षक उमेश सिंह पर भ्रष्टाचार समेत उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली डिप्टी जेलर मीना कन्नौजिया का डीआईजी जेल की संस्तुति पर नैनी जिला जेल के लिए रविवार को ही तबादला कर दिया गया। सोशल मीडिया पर मीना कन्नौजिया के वीडियो और ट्रांसफर लेटर खूब वायरल हुए। विभिन्न राजनीतिक दलों ने महिला वर्ग को लेकर भाजपा सरकार पर तंज भी कसा।
वसंत कन्या महाविद्यालय में साप्ताहिक खेलकूद प्रतियोगिता शुरू
वसंत कन्या महाविद्यालय कमच्छा में पांच दिवसीय साप्ताहिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले दिन 12 महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया। प्राचार्य प्रो. रचना श्रीवास्तव ने बताया कि 17 से 22 मार्च तक प्रतियोगिता में धीरेंद्र महिला पीजी कॉलेज, आर्य महिला पीजी कॉलेज, अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज, वसंत महिला महाविद्यालय राजघाट सहित कुल 12 महाविद्यालयों की छात्राओं को आमंत्रित किया गया है।
पहले दिन शतरंज, कैरम, खोखो जैसे इंडोर खेलों के लिए खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया। खेल मैदान तैयार कर लिया गया है। खेल उपकरण उपलब्ध करा दिए गए हैं। छात्राओं की सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। समापन 22 मार्च को होगा। विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
बिजली कर्मचारियों ने शुरू की भूख हड़ताल
बिजली निगम की मनमानी के खिलाफ सोमवार को डिस्काॅम मुख्यालय पर बिजली कर्मियों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। विद्युत मजदूर संगठन पूर्वांचल के अध्यक्ष इंद्रेश कुमार राय के नेतृत्व में प्रदेश प्रभारी पुनीत राय, विनोद श्रीवास्तव, राजेश्वर सिंह, आनंद सिंह ने इसकी शुरूआत की। इसमें 16, 17 और 18 मार्च 2023 को हटाए गए 128 संविदा कर्मियों को दोबारा बहाल करने की मांग गई। इसके साथ ही मनमाने तरीके से संविदाकर्मियों कि छटनी का भी विरोध किया।
संगठन के अध्यक्ष ने बताया कि भूख हड़ताल के लिए प्रबंधन को एक महीने पहले नोटिस दिया गया था, फिर भी मुख्य द्वार पर गार्डों ने संगठन के पदाधिकारियों को रोकने का प्रयास किया। इसे लेकर पदाधिकारियों और गार्डों में नोकझोंक भी हुई। इस दौरान वेद प्रकाश राय, संदीप कुमार, उदय प्रताप सिंह, राहुल कुमार, विनोद श्रीवास्तव मौजूद रहे।
वहीं विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने भी भिखारीपुर के हनुमान मंदिर पर बिजली के निजीकरण के विरोध में प्रदर्शन जारी रखा। संघर्ष समिति ने आरोप लगाया है कि कनफ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट (हितों के टकराव) के प्रावधान को हटाकर निजीकरण हेतु ट्रांजेक्शन कंसलटेंट की बिडिंग कराई गई है।
ट्रांजेक्शन कंसल्टेंट की नियुक्ति के आरएफपी डॉक्यूमेंट में पहले हितों के टकराव का प्रावधान था। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि बिजली के निजीकरण के नाम पर घोटाला होने जा रहा है। इस दौरान ई. एसके सिंह, ई. अवनीश कुमार, राजेंद्र सिंह, वेद प्रकाश राय, जयप्रकाश आदि लोग मौजूद रहे।
पीएचसी के नेत्र परीक्षण अधिकारी का निधन
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव में कार्यरत नेत्र परीक्षण अधिकारी आलोक सिंह (59 वर्ष) का शनिवार की रात बीमारी के कारण निधन हो गया। असमय निधन हो गया। सोमवार को पीएचसी पर आयोजित शोक सभा में डॉक्टरों, कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से आत्मा की शांति की प्रार्थना की गई। इमरजेंसी को छोड़कर ओपीडी सेवा शोक में बंद रही। मूल रूप से जौनपुर निवासी आलोक सिंह हृदय रोग से पीड़ित थे।
पिछले सप्ताह शुक्रवार को तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उन्हें लखनऊ स्थित वेदांता अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। रविवार को वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें उनके इकलौते पुत्र रत्नसेन सिंह ने मुखाग्नि दी। शोक सभा में चिकित्साधिकारी डॉ. शेर मुहम्मद, डॉ. आशीष द्विवेदी, डॉ. पुनम, डॉ. रितेश गुप्ता, राजेश यादव आदि लोगों ने श्रद्धांजलि दी।
23 मार्च को टोल प्लाजा पर होगा किसानों का प्रदर्शन
पूर्वांचल किसान यूनियन के नेता अजीत सिंह के नेतृत्व में 23 मार्च को चोलापुर के ढेरही टोल प्लाजा पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में किसान यूनियन के प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को संयुक्त पुलिस आयुक्त राकेश कुमार सिंह को पत्रक सौंपा।
किसान नेता अजीत सिंह ने बताया कि वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग के जौनपुर की 16 किलोमीटर का सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। किसानों को मुआवजा नहीं दिया और टोल प्लाजा, जहां प्रस्तावित था। वहां से हटाकर अलग बनाया गया। जबकि कई बार टोल प्लाजा को बंद करने के लिए किसानों और क्षेत्र के लोगों द्वारा धरना प्रदर्शन किया गया था।
20 मार्च तक प्रशासन को समय दिया गया है कि ढेरही टोल प्लाजा को बंद कर दिया जाए अन्यथा 23 मार्च को किसान सड़क पर उतारने को बाध्य होंगे। किसानों की मांग है कि जब तक सड़क का निर्माण नहीं हो तब तक के लिए ढेरही वाराणसी टोल प्लाजा बंद किया जाए। दुर्घटना को देखते हुए बड़े वाहनों को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक नो एंट्री किया जाए। किसानों को तत्काल मुआवजा दिया जाए।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में सेमेस्टर परीक्षाएं 19 मार्च से
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं 19 मार्च से शुरू हो रही हैं। परीक्षा में 664 छात्र-छात्राएं शामिल होंगी। दर्शन संकायाध्यक्ष प्रो. शंभूनाथ शुक्ल को केंद्राध्यक्ष बनाया गया है।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि पत्रकारिता एवं जनसंचार सत्र 2024-26 के प्रथम सेमेस्टर और सत्र 2023-25 के तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं, ग्रंथालय एवं सूचना विज्ञान शास्त्री के प्रथम सेमेस्टर, पुरातत्व एवं संग्रहालय स्नातकोत्तर डिप्लोमा के प्रथम सेमेस्टर, कौशल विकास के प्रथम व द्वितीय सेमेस्टर बैक, योग विज्ञान प्रथम सेमेस्टर, एमए इन योगा की द्वितीय सेमेस्टर, परिसर व महाविद्यालयों के शिक्षा शास्त्री के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 19 मार्च से 29 मार्च तक होंगी। विश्वविद्यालय परिसर के परीक्षा भवन में परीक्षाएं पहली पाली में होंगी।
किक बॉक्सिंग टीम प्रतियोगिता के लिए आज होगी रवाना
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की किक बॉक्सिंग टीम मंगलवार को अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए मेरठ रवाना होगी। प्रतियोगिता स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय मेरठ में 21 से 25 मार्च तक चलेगी। 19 मार्च को खिलाड़ियों का वजन होगा।
19 मार्च को विश्वविद्यालय में खिलाड़ियों का वजन होगा। 24 सदस्यीय टीम में 9 महिला खिलाड़ी और 15 पुरुष शामिल हैं। टीम के कोच डॉ. राधेश्याम राय ने बताया कि टीम ने तैयारी कर ली है। खिलाड़ी कई महीनों से मेहनत कर रहे हैं।
टैबलेट का उपयोग सिर्फ शैक्षिक ज्ञान अर्जन के लिए करें: सुनील पटेल
रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने सोमवार को भदवर के हेरिटेज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में टैबलेट वितरण किया। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक शामिल हुए।
एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिया। कहा कि टैबलेट का दुरुपयोग न करें। इसका उपयोग सिर्फ शैक्षिक ज्ञान अर्जन में करें। इस दौरान उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। मुख्य रूप से प्राचार्य वीके दास, राजकुमार, जिला महासचिव और कार्यालय प्रभारी, मानस कुमार सिंह शामिल रहे।
राजस्थान ब्राह्माण मंडल के होली मिलन में उड़े अबीर-गुलाल
श्री राजस्थान ब्राह्मण मंडल काशी का होली मिलन मारवाड़ी समाज भवन लक्सा में मनाया गया। समाज के महिला पुरुष एवं बच्चों ने पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए बड़ों का चरण स्पर्श करके उनसे आशीर्वाद लिया। तत्पश्चात सभी ने एक दूसरे को गुलाल लगाया एवं अपने बड़े बुजुर्गों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाई।
इसके बाद होली के मारवाड़ी गीतों पर नृत्य करते हुए चाट-ठंडाई का भरपूर आनंद उठाया। कार्यक्रम में गिरीश शर्मा, गोपाल शर्मा, राजेश शर्मा (पिंटू),प्रतापोदय मिश्र, संजय ढांचोलिया, राकेश शर्मा, गोकुल शर्मा, राकेश मिश्र, विजय मिश्र, मनीष मोरोलिया उपस्थित रहे। मंत्री वेदमूर्ति शास्त्री ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ का चुनाव 22 को
उत्तर प्रदेशीय मिनिस्ट्रीयल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ का चुनाव 22 मार्च को होगा। संयोजक विनोद कुमार वर्मा की ओर से जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 17 और 18 मार्च को नामांकन, 19 को नाम वापसी होगी। इसके बाद 22 को कलेक्ट्रेट सभागार में सुबह 11 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।
मतगणना 22 मार्च को शाम 5 बजे के बाद से शुरू होकर मतगणना समाप्ति तक चलेगी। अध्यक्ष व मंत्री के लिए 2000 रुपये और अन्य पदाधिकरी के लिए 1000 रुपये नामांकन शुल्क रखा गया है। पर्यवेक्षणीय अधिकारी अपर नगर मजिस्ट्रेट तृतीय को बनाया गया है।
संघ के जिला मंत्री धीरज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार बीते 28 फरवरी को संघ की बैठक हुई थी। इसमें वर्तमान कार्यकारिणी को भंग करते हुए प्रधान सहायक विनोद कुमार वर्मा को संयोजक नियुक्त किया गया। विकास भवन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह को निर्वाचन अधिकारी और ईडीएम प्रसून अग्रवाल को सहायक निर्वाचन अधिकारी मनोनीत किया गया। इसी दौरान द्विवार्षिक चुनाव 22 मार्च को कराने का प्रस्ताव पास किया गया था।
प्रादेशिक बैडमिंटन के लिए मंडलीय टीम का ट्रायल आज
प्रादेशिक बैडमिंटन प्रतियोगिता आगरा में 22 से 24 मार्च तक खेली जाएगी। जिलास्तरीय बैडमिंटन का ट्रायल सोमवार को सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम के इंडोर हॉल में हुआ। ट्रायल में चार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कोच श्यामधर ओझा ने बताया कि मंगलवार को मंडलीय टीम का ट्रायल होगा।
शिविर में 30 उद्यमियों ने किया रक्तदान
दी स्माल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन और काशी रक्तदान नेत्रदान कुटुंब की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर लगा। इसमें उद्यमियों ने सोमवार को 30 यूनिट रक्तदान किया। शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के 94वें बलिदान दिवस के उपलक्ष्य पर एमएसएमई सभागार में सोमवार को सप्ताह व्यापी शिविर का शुभारंभ हुआ।
बतौर मुख्य अतिथि एमएसएमई के असिस्टेंट डायरेक्टर राजेश चौधरी ने पत्नी के साथ रक्तदान किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश भाटिया ने उद्यमियों के इस प्रयास की सराहना की। महामंत्री नीरज पारिख ने कहा कि रक्तदान करने से हार्ट अटैक और डिप्रेशन का खतरा कम हो जाता है। रोग प्रतिरोधक क्षमता में बढ़ती है। इस दौरान बीएचयू ब्लड बैंक की ओर से आशुतोष सिंह ने रक्तदान से होने वाले लाभ बताए। इसमें प्रदीप इसरानी, राजेश गुप्ता, अमित गुजराती, नमित पारिख मौजूद रहे।
16वां जनजातीय युवा कार्यक्रम का शुभारंभ
नेहरू युवा केंद्र की ओर से सोमवार को सेंट फ्रांसिस जेवियर स्कूल सोना तालाब सारनाथ में 16वें जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसमें ओडिशा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित कई जिलों से 200 जनजातीय युवाओं ने हिस्सा लिया।
सात दिवसीय कार्यक्रम में जनजातीय समुदायों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, वेशभूषा और विचारों से परिचित कराया जाएगा। इससे युवा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को समझेंगे। उद्घाटन वाराणसी जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या और रोहनिया विधायक सुनील पटेल ने किया।
युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। नेहरू युवा केंद्र के उपनिदेशक माहे आलम ने युवाओं को राष्ट्र की मुख्यधारा से जुड़कर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा की बालिकाओं ने स्वागत गीत गाया और बालाघाट की टीम ने लोक नृत्य किया। प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ और बीएसएफ के 20 स्कॉर्ट मौजूद हैं।
सिमोना ने उकेरीं 17 कलाकृतियां, बीएचयू में कराया भारत का दर्शन
बीएचयू में भारत और इटली को जोड़ने वाले सांस्कृतिक संबंधों पर आधारित 17 कलाकृतियां लगाई गईं हैं। इनमें फोटोग्राफी, वीडियो और इंस्टॉलेशन शामिल हैं। दृश्य कला संकाय के अहिवासी कला दीर्घा में इटली से आईं कलाकार सिमोना फ्रिलिसी की कला प्रदर्शनी ने लोगों को मुग्ध कर दिया।
वाइब्रेशंस बिटवीन इटली एंड इंडिया की थीम पर इस एग्जीबिशन की शुरुआत हुई। दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती देने वाले ऊर्जा तरंगों को उन्होंने अपनी कला में बड़ी स्पष्टता से उकेरा। इसमें उन्होंने अपना भारत का अनुभव भी कला के रूप में प्रस्तुत किया है। यह प्रदर्शनी 22 मार्च तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी।
सिमोना, भारतीय संस्कृति से काफी प्रभावित हैं। नियमित योगाभ्यास करती हैं और भारतीय दर्शन की भौतिक, पराभौतिक अवधारणा से अपनी कलाकृतियों के लिए प्रेरणा प्राप्त करती हैं। ये आकृति, परछाई, आभास और रियलिटी को रिफलेक्ट करती है। उनकी कलाकृतियां कहती हैं कि मनुष्य का अस्तित्व एक ऊर्जा का रूप है। यह ठीक उसी प्रकार है जिस प्रकार पानी में हिलती हुई परछाई उस वस्तु या व्यक्ति के समान न होने पर भी उसी का प्रतिनिधित्व करती है।
सोमवार को प्रदर्शनी का उद्घाटन दृश्य कला संकाय की डीन डॉ. उत्तमा दीक्षित ने किया। अप्लाइड आर्ट के विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष अरोड़ा, मूर्तिकला के विभागाध्यक्ष प्रो. ब्रह्मस्वरूप भी मौजूद रहे। प्रदर्शनी संयोजक डॉ. सुरेश जांगिड़ ने बताया कि काशी ज्ञान और अध्यात्म का बड़ा केंद्र है। इसके चलते प्राथमिकता देते हुए इन कलाकृतियों को अहिवासी कला दीर्घा में लगाया गया।
आज बनारस: द एटलस ऑफ द 21वीं सेंचुरी का होगा उद्घाटन : आज कला प्रदर्शनी के साथ-साथ आहिवासी कला दीर्घा में दोपहर 12:30 बजे तक इटली के ही लेखक पाओलो बरोने की पुस्तक बनारस: द एटलस ऑफ द 21वीं सेंचुरी का लोकार्पण होगा। इस अवसर पर डॉ. राणा पी. बी. सिंह और डॉ. विंसेंजो कैरिती भी लोगों को संबोधित करेंगे।
176 मरीजों में बांटी गई पोषण पोटली
जिले में टीबी यूनिटों पर 176 मरीजों में पोषण पोटली बांटी गई। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान में टीबी की स्क्रीनिंग भी हुई। सीएमओ डाॅ. संदीप चौधरी ने बताया कि टीबी का इलाज संभव है। समय से दवा लेने से मरीज स्वस्थ हो सकते हैं।
जिला क्षय रोग अधिकारी एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. पीयूष राय ने बताया कि 24 मार्च तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान टीबी यूनिट दुर्गाकुंड में 25, भेलूपुर में 10, रामनगर में 26, शिवपुर में 20, हरहुआ में 10, बड़ागांव में 10, पिंडरा में 10, काशी विद्यापीठ में 25, मंडलीय असपताल कबीरचौरा में 20 और चौकाघाट में 20 मरीजों को पोषण पोटली दी गई। मरीजों का चिन्हित निजी एक्स-रे सेंटर पर एक्स-रे और नाॅट फैसिलिटी पर नाॅट टेस्ट भी हुआ।
पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम
विद्यालय और समुदाय के बीच सहयोग को बढ़ावा देने और छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए सोमवार को लहुराबीर के पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम हुआ। प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने छात्रों के बीच अनुशासन और शत-प्रतिशत नामांकन के महत्व पर जोर दिया।
अभिभावकों को विद्यालय में आगामी सत्र से बालिकाओं के प्रवेश की शुरुआत के बारे में भी सूचित किया, जिसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया। उप प्रधानाचार्य, डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने छात्रों की नियमित उपस्थिति पर विस्तृत चर्चा की। समुदाय की कई समस्याओं पर भी अभिभावकों ने सुझाव दिए, ताकि विद्यालय और समुदाय मिलकर उनका समाधान ढूंढ सकें।
शिक्षक अभिभावक एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने कॉलेज के गौरवशाली इतिहास को साझा किया। संचालन डॉ. विजय भारतीय सिंह, वेद प्रकाश राय ने किया। इस अवसर पर नीलिमा श्रीवास्तव, डॉ. शुभा श्रीवास्तव, सुमी मिश्रा, सुमन सिंह उपस्थित रहे।
कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों ने केंद्रीय तिब्बती उच्च शिक्षा संस्थान किया भ्रमण
समग्र शिक्षा अभियान के तहत सोमवार को पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज के 9वीं से 12वीं तक के छात्रों ने केंद्रीय तिब्बती उच्च शिक्षा संस्थान और सारनाथ संग्रहालय का शैक्षिक भ्रमण किया। छात्रों ने तिब्बती संस्कृति और दर्शन के बारे में जानकारी ली। शिक्षकों ने छात्रों को तिब्बती कला, साहित्य और चिकित्सा के बारे में विस्तार से बताया।
छात्रों ने पुस्तकालय और संग्रहालय का भी दौरा किया, जहां उन्होंने तिब्बती कलाकृतियों और पांडुलिपियों का देखा। छात्रों ने सारनाथ संग्रहालय में प्राचीन बौद्ध कला और मूर्तियों के बारे में जानकारी हासिल की। शैक्षिक भ्रमण के प्रभारी हिमांशु तिवारी के कुशल नेतृत्व में यात्रा सफल रही। इस दौरान विनोद कुमार सिंह, सुजीत गोंड, चंद्रमा प्रसाद गुप्ता, इशिका पाल ने सहयोग किया।
राधा-कृष्ण बन काशी में जीवंत की ब्रज की होली
महिला भूमिहार समाज की ओर से ककरमत्ता स्थित एक होटल में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन ईशा राय, देवसुता तिवारी, डॉ. सुनीता पांडे ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
महिला भूमिहार समाज की संस्थापिका डॉ. राजलक्ष्मी राय ने कहा कि होली राग-द्वेष को भुलाकर उमंग और उल्लास के साथ मनाई जाती है। ब्रज की होली और काशी की बोली जब एक रंग में रंग जाते हैं तो होली का रंग बस खुशियां ही फैलाता है। कार्यक्रम में ब्रज की होली की थीम पर सभी महिलाओं ने राधा और कृष्ण के परिधान में सजकर काशी में ब्रज की होली को जीवंत कर दिया।
सभी महिलाओं ने फूलों और गुलाल की बौछार से एक दूसरे को सराबोर कर होली गीत पर जमकर नृत्य किया। इस दौरान सविता, खुशबू, छाया, स्वप्निल, माया, अनीता मौजूद रहीं। संचालन सविता सिंह और खुशबू ने किया।
मसाने की होली, रासरंग और फूलों की होली ने किया विभोर
रोटरी क्लब ऑफ वाराणसी सेंट्रल की ओर से महमूरगंज स्थित एक लॉन में भव्य व दिव्य वसंतोत्सव का आयोजन किया गया। वृंदावन से आए कलाकारों ने राधारानी और श्रीकृष्ण के मनमोहक रासरंग से सबको विभोर कर दिया। आरती और फूलों वाली होली का मनोरम दृश्य देखकर हर कोई मुग्ध हो गया।
इस दौरान काशी की प्रसिद्ध मसाने की होली का मंचन और बाबा भोलेनाथ का अद्भुत नृत्य देखने लायक था। भजन और गायन की प्रस्तुतियां भी बेजोड़ थीं। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु रहे। स्वागत अध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने किया। इस दौरान संयोजक नीरज अग्रवाल, कुमार अग्रवाल, दीपक जायसवाल, डॉ. नीलम गुप्ता आदि मौजूद रहे।
उधर, रोटरी क्लब ऑफ वाराणसी नॉर्थ का होली मिलन समारोह पंडितपुर में मनाया गया। इस अवसर पर राधा-कृष्ण के स्वरूप के साथ क्लब के सदस्यों ने विशेष रूप से फूलों की होली खेली। कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने किया। राधा-कृष्ण के साथ सभी सदस्यों ने वृंदावन की फूलों की होली खेली व होली के गीतों पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया।
क्लब की असिस्टेंट गवर्नर मीना सिंह ने होली का भोजपुरी गीत प्रस्तुत किया। संचालन रोली अग्रवाल व सपना खंडेलवाल ने किया। कार्यक्रम में राजेश भार्गव, सुभाष जैन, सुरेश खंडेलवाल, सतीश जैन, अनिल किजवाडेकर, गणेश अग्रवाल, डॉ शिवजी गुप्ता आदि मौजूद रहीं।
वहीं, रोटरी क्लब शिवगंगा की ओर से ककरमत्ता स्थित एक होटल में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। गायिका विदुषी वर्मा ने रंगी सारी गुलाबी चुनरिया..., डारत लाल गुलाल..., आज खेलो श्याम संग होरी... जैसे होली गीतों की प्रस्तुति दी। क्लब के अध्यक्ष अरविंद विनोद अग्रवाल, रविशंकर सिंह, अजय कुमार, आनंद बर्मन, रंजना कुमार, शिखा पंड्या आदि रहे।
पूर्व अपर नगर आयुक्त को दी विदाई
नगर निगम के पूर्व अपर नगर आयुक्त दुष्यंत कुमार मौर्य का सोमवार को सिगरा स्थित एक होटल में विदाई समारोह हुआ। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने दुष्यंत कुमार मौर्य के साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल की प्रशंसा की। नगर आयुक्त ने पुष्प गुच्छ देकर अपर नगर आयुक्त का स्वागत किया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त सविता यादव, सहायक नगर आयुक्त मृत्युजंय नारायण मिश्र, इंद्र विजय सिंह, जलकल सचिव ओपी सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी डाू. संतोष पाल आदि मौजूद रहे।
नगर निगम सदन की बैठक आज, विकास प्रस्तावों पर होगी चर्चा
नगर निगम सदन की साधारण सभा की बैठक मंगलवार को दोपहर 12 बजे टाउनहाॅल में होगी। इसकी अध्यक्षता मेयर अशोक कुमार तिवारी करेंगे। पार्षदों की ओर से दिए गए प्रस्तावों पर शहर के विकास की रूपरेखा तैयार की जाएगी। बैठक में पार्षद शहर के विकास के संबंध में अधिकारियों से सवाल भी करेंगे। सड़क, सीवर, लाइट, सफाई, इंटरलाॅकिंग, जल निकासी आदि से जुड़े प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है।
24 मार्च से फुटबॉल नर्सरी लीग
बरेका के इंटरमीडिएट कॉलेज मैदान में 24 से 28 मार्च तक बरेका फुटबॉल लीग खेली जाएगी। लीग अंडर-15 आयुवर्ग में बालक-बालिका वर्ग में होगी। कोच भैरव दत्त ने बताया कि जूनियर वर्ग की प्रतियोगिता में खेलने के लिए बालिका वर्ग में दो, बालक वर्ग में तीन टीमों के 96 खिलाड़ी और आठ मैच ऑफिशियल हिस्सा लेंगे।
आईएमएस बीएचयू के डॉक्टर को मिलेगी स्पाइन फेलोशिप
आईएमएस के बीएचयू के आर्थोपेडिक्स विभाग के डॉ. संजय यादव को अंतरराष्ट्रीय एओ स्पाइन फेलोशिप के लिए चयनित किया गया है। फेलोशिप स्पाइन सर्जरी के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए मिलती है। डॉ. यादव का चयन उनकी विशेषज्ञता, अनुसंधान कार्य और सर्जिकल कौशल के आधार पर किया गया है। बताया कि स्पाइन फेलोशिप नवीनतम तकनीकों और विधियों में प्रशिक्षण प्रदान करेगी।
सामाजिक समरसता सम्मेलन आज, होगा सहभोज
सामाजिक समरसता हिंदुत्व का प्राण है। राष्ट्रसंत अवैद्यनाथ ने डोमराजा संजीत चौधरी के घर खिचड़ी सहभोज के जरिए इसे करके दिखाया था। ये बातें अवैद्यनाथ संजीत-चौधरी की स्मृति में आयोजित समरसता सम्मेलन के संयोजक गोरक्षा के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष संजय पांडेय ने तैयारी बैठक में कहीं।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि डोमराजा के निवास स्थान शेर वाली कोठी पर 18 मार्च को होने वाले सम्मेलन की अध्यक्षता डोमराजा ओम चौधरी करेंगे। मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति भाग लेंगे। इसी स्थान पर प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक भी होगी। सम्मेलन के बाद होली मिलन और सहभोज भी किया जाएगा। इस मौके पर वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष जयशंकर केशरी, मंडल प्रभारी तपेश्वर चौधरी, जिलाध्यक्ष मातृशक्ति अमृता श्रीवास्तव तथा अनिल सिंह नन्हे उपस्थित थे।
आईटीआई में 21 मार्च को कैंपस सेलेक्शन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में 21 मार्च को सुबह 10 बजे से कैंपस सेलेक्शन होगा। गुजरात की एक निजी कंपनी 150 अभ्यर्थियों के लिए वैकेंसी लेकर आ रही है। 10वीं, 12वीं और आईटीआई पास राजकीय और निजी संस्थान के लोग शामिल हो सकते हैं।
प्लेसमेंट इंचार्ज सुनील कुशवाहा ने बताया कि 18 से 24 साल के अभ्यर्थी इसमें शामिल हो सकते हैं। डेंटर, वेल्डर, पेंटर सहित कई पदों पर आवेदन लिए जाएंगे। आवेदन करने वाले निवास प्रमाणपत्र, बायोडाटा, फोटोग्राफ्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र के साथ आईटीआई करौंदी में संपर्क कर सकते हैं।
अब ऑनलाइन बढ़वा सकते हैं बिजली कनेक्शन का लोड
बिजली उपभोक्ताओं को अब विद्युत कनेक्शन का लोड (भार) बढ़वाने के लिए कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उपभोक्ता घर बैठे बिजली निगम की वेबसाइट www.uppol.org पर उपलब्ध लोड परिवर्तन के लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। पावर काॅरपोरेशन के निदेशक (वाणिज्य) निधि कुमार नारंग ने उपभोक्ताओं को लोड बढ़ाने की ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में सभी विद्युत वितरण कंपनियों (डिस्काॅम) के प्रबंध निदेशकों को पत्र लिखा है।
पत्र में कहा गया है कि भार वृद्धि की प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन सुनिश्चित करें। इससे कार्य में समयबद्धता के साथ ही शुचिता सुनिश्चित होगी। भार वृद्धि के लिए अभी तक उपभोक्ताओं को विद्युत विभाग के कार्यालयों में जाकर आवेदन करना पड़ता था। इसके बाद अवर अभियंता और उप खंड स्तर के अधिकारी आवेदन को कंप्यूटर सिस्टम में फीड करते थे। इस प्रक्रिया में समय लगने के साथ ही उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ता था।
गिले शिकवे भुलाकर एक दूसरे को गले लगाने का त्योहार है होली
महानगर समाजवादी पार्टी की ओर से सोमवार को नेवादा स्थित एक लॉन में होली मिलन समारोह हुआ। इसकी अध्यक्षता करते हुए महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने कहा कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे के साथ-साथ सभी गिले शिकवे भुलाकर एक दूसरे को गले लगाने का त्योहार है।
महानगर महासचिव योगेंद्र यादव ने कहा कि होली भेदभाव को मिटाने एवं गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखने का त्योहार है। युवा नेता रजत कुमार की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सभी ने एक दूसरे को रंग-अबीर लगाकर होली की बधाई दी। इस दौरान ऐश्वर्या श्रीवास्तव, आरती यादव, विनोद यादव,विवेक जोसफ, रामजी यादव, जाहिद नासिर, अखिलेश गुप्ता आदि शामिल रहे।
काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए लगा छाजन
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए गर्मी से बचाव के इंतजाम किए जा रहे हैं। तेज धूप से श्रद्धालुओं को बचाने के लिए मंदिर प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। कतार में खड़े श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में छाजन लगाया गया है। इसके साथ ही धाम की फर्श पर मैट भी बिछाई जा रही है।
लगातार पानी का छिड़काव कराया जा रहा है और जगह-जगह पीने के पानी का भी इंतजाम किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के शांतिपूर्वक दर्शन कर सकें।
स्कूटी में मारी टक्कर, दो घायल
स्कूटी सवार को विपरित दिशा से टक्कर मारने मामले में आरोपी चालक के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। आवास विकास कालोनी निवासी शशि शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा और भतीजा स्कूटी से जा रहे थे। इस बीच विश्वनाथ यादव जो कि गलत दिशा से स्कूटी में टक्कर मार दी। इस घटना में एक की कमर टूट गई जबकि दूसरे को सिर में चोट आई है।
वाहन से धक्का पर पट्टीदारों के खिलाफ केस दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र के सिकरौल में पूनम ने पट्टीदारों के खिलाफ मारपीट मामले में केस दर्ज कराया। पूनम का आरोप है कि उनके पट्टीदार लालबहादुर और दीपक ने सोमवार को उनके भाई को बाइक से धक्का देकर गिरा दिया और विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। पूनम ने बताया कि भाई को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आवारा कुत्तों से परेशान डीआईजी कालोनी वासी, केस दर्ज
डीआईजी कालोनी में कुत्तों से परेशान पीड़ित ने दो लोगों के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज कराया। कालोनी के रहने वाले शिशिर राय ने पुलिस को बताया कि आरोपी आफताब कुरैशी और समीर कुरैशी ने कॉलोनी में आवारा कुत्तों को पाल रखा है। यह कुत्ते कॉलोनी वालों का रोजाना अपना शिकार बना रहे हैं। ना तो इनका टिका कराया गया है न ही रजिस्ट्रेशन है। इस बात का जब विरोध किया गया तो दोनों जान से मारने की धमकी देते हैं।
आजू सदाशिव खेले होरी...
सुबह ए बनारस में सोमवार को सुषमा गुप्ता का गायन हुआ। सुषमा गुप्ता ने गायन का आरंभ राग देवगिरी बिलावल में विलंबित एक ताल में निबद्ध बंदिश सुनाकर आनंदित किया। इसके बाद मध्य तीन ताल में निबद्ध बंदिश होरी आजू सदाशिव खेले होरी...सुनाया। समापन होरी कन्हैया घर खेले जाइब गुइयां...किया। तबले पर संगत विशाल देव मिश्रा तथा संवादिनी पर आनंद मिश्रा ने संगत की। कलाकार को प्रमाणपत्र डॉ. रत्नेश वर्मा एवं संचालन पं. प्रमोद मिश्रा ने किया।